ब्रिटिश एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन आर्ट्स ने 17 फरवरी को 79वें BAFTA फिल्म अवॉर्ड्स के लिए प्रेजेंटर्स की स्टार-स्टडेड सूची जारी की है. इस सूची में बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट का नाम भी शामिल है.
आलिया भट्ट 22 फरवरी को लंदन के रॉयल फेस्टिवल हॉल में आयोजित होने वाले EE BAFTA फिल्म अवॉर्ड्स में एक अवॉर्ड प्रेजेंट करेंगी. यह प्रतिष्ठित समारोह इंटरनेशनल सिनेमा में उत्कृष्ट योगदान का सम्मान करता है.
ब्रिटिश एकेडमी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर प्रेजेंटर्स की तस्वीर साझा करते हुए समारोह के प्रसारण की जानकारी दी. आलिया ने भी इस पोस्ट को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा किया और खुशी जाहिर की.
इस वर्ष के प्रेजेंटर्स की सूची में ब्रायन क्रैंस्टन, गिलियन एंडरसन, ग्लेन क्लोज, पैट्रिक डेम्पसी, रिज अहमद, केरी वाशिंगटन सहित कई अंतरराष्ट्रीय सितारे शामिल हैं.
आलिया से पहले प्रियंका चोपड़ा जोनस 2021 में और दीपिका पादुकोण 2024 में BAFTA अवॉर्ड्स में प्रेजेंटर रह चुकी हैं. कान्स और मेट गाला में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने के बाद अब आलिया BAFTA मंच पर भी नजर आएंगी.
