रांची में लापता बस कंडक्टर का खेलगांव में मिला शव, पहचान छिपाने के लिए पत्थर से कूचा चेहरा

रांची में लापता बस कंडक्टर का खेलगांव में मिला शव, पहचान छिपाने के लिए पत्थर से कूचा चेहरा

रांची: राजधानी रांची के खेलगांव थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक बस कंडक्टर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कांटाटोली स्थित रजा कॉलोनी निवासी आसिफ के रूप में हुई है, जो खादगढ़ा बस स्टैंड में कंडक्टर के तौर पर काम करता था।

पुलिस के अनुसार, आसिफ बुधवार शाम घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। गुरुवार सुबह खेलगांव थाना क्षेत्र के झाड़ियों के पास एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान आसिफ के रूप में की।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए आसिफ के चेहरे को पत्थर से बुरी तरह कुचल दिया था। घटनास्थल पर खून के निशान और शव को घसीटने के संकेत भी मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका मजबूत हो गई है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल भी जांची जा रही है, ताकि हत्या से पहले उसकी गतिविधियों का पता लगाया जा सके।

परिजनों ने किसी पर संदेह नहीं जताया है, लेकिन पुलिस आपसी रंजिश या व्यक्तिगत विवाद की आशंका से इनकार नहीं कर रही है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *