पलामू: झारखंड के पलामू जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। शराब के नशे में कथित रूप से वाहन चला रहे ड्राइवर ने स्कॉर्पियो को अनियंत्रित कर एक कच्चे घर में घुसा दिया। इस हादसे में घर के अंदर सो रही महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी।
यह घटना पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र के बिसुनपुरा गांव की है। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में सवार लोग सतबरवा थाना क्षेत्र के रहने वाले थे और तरहसी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर सीधे एक कच्चे घर में जा घुसा।
दुर्घटना के समय घर के अंदर मौजूद 70 वर्षीय पाचो कुंअर गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तुरंत इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
तरहसी थाना प्रभारी आनंद राम ने बताया कि हादसे के बाद पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक महिला घटना के समय घर के अंदर सो रही थीं। स्कॉर्पियो के घर में घुसने से कच्चे मकान को भी नुकसान पहुंचा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
