झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के साकरा स्थित केनरा बैंक शाखा में मंगलवार दोपहर हथियारबंद लुटेरों ने करीब 15 लाख रुपये लूट लिए। अपराधियों ने बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों को बंदूक की नोक पर बंधक बनाकर मोबाइल फोन छीन लिए और वारदात के बाद मुख्य गेट बाहर से बंद कर फरार हो गए।
बहरागोड़ा में केनरा बैंक शाखा में दिन-दहाड़े डकैती
पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के साकरा स्थित केनरा बैंक शाखा में मंगलवार दोपहर डकैती की घटना सामने आई। जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 1:40 से 1:45 बजे के बीच 5 से 6 हथियारबंद लुटेरे बैंक पहुंचे और करीब 15 लाख रुपये लूट लिए।
अपराधियों के पास देसी कट्टा और कटारी जैसे हथियार थे। बैंक में घुसते ही उन्होंने कर्मचारियों और ग्राहकों को धमकाते हुए सभी को एक जगह बैठा दिया।
इसके बाद लुटेरों ने कैश काउंटर से करीब 7 लाख रुपये और लॉकरनुमा कैश स्टोरेज से करीब 8 लाख रुपये निकाल लिए।
स्टाफ और ग्राहकों को बनाया बंधक
घटना के समय बैंक के अंदर लगभग 6 से 7 ग्राहक मौजूद थे। लुटेरों ने सभी के मोबाइल फोन छीन लिए और उन्हें बंधक बनाकर रखा।
करीब 10 से 15 मिनट तक अपराधी बैंक के अंदर रहे और आराम से लूट की घटना को अंजाम दिया। इसके बाद सभी लुटेरे बैंक के मुख्य गेट पर बाहर से ताला लगाकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर बहरागोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कटर की मदद से मुख्य गेट का ताला काटकर अंदर फंसे कर्मचारियों और ग्राहकों को बाहर निकाला।
सहायक शाखा प्रबंधक से छीनी सोने की चेन और अंगूठी
लूटपाट के दौरान अपराधियों ने सहायक शाखा प्रबंधक सौरभ वर्मा के गले से सोने की चेन और अंगूठी भी छीन ली।
अपराधियों ने कर्मचारियों को कई बार जान से मारने की धमकी भी दी। बताया जाता है कि चार लुटेरे बैंक के अंदर थे जबकि दो लुटेरे बाहर खड़े होकर निगरानी कर रहे थे।
साकरा चौक होते हुए मोटरसाइकिल से फरार
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मोटरसाइकिल से साकरा चौक होते हुए चित्रेश्वर रोड की ओर भाग निकले।
बताया जा रहा है कि लुटेरे बैंक कर्मचारियों से हिंदी में बात कर रहे थे, जबकि आपस में बांग्ला भाषा में बातचीत कर रहे थे।
भागने के दौरान अपराधियों ने बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों के मोबाइल फोन साकरा चौक के पास खेतों में फेंक दिए और वहां से पश्चिम बंगाल की ओर फरार हो गए।
शाखा प्रबंधक की सूझबूझ से सुरक्षित रही CCTV हार्ड डिस्क
घटना के दौरान एक लुटेरा शाखा प्रबंधक नानाजी राव को बंदूक की नोक पर उनके चैंबर में ले गया और सीसीटीवी फुटेज की हार्ड डिस्क के बारे में पूछताछ करने लगा।
इस दौरान शाखा प्रबंधक ने इंटरनेट बॉक्स की ओर इशारा कर दिया। लुटेरे तार काटकर इंटरनेट बॉक्स अपने साथ ले गए, जबकि सीसीटीवी की हार्ड डिस्क सुरक्षित रह गई।
अब पुलिस उसी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
बैंक में नहीं था सुरक्षा गार्ड
जानकारी के अनुसार गांव के अंदर स्थित इस बैंक शाखा में रोजाना करीब 60 से 100 ग्राहक लेनदेन के लिए पहुंचते हैं।
हालांकि बैंक में सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था नहीं थी, जिसके कारण लुटेरों को वारदात को अंजाम देने में ज्यादा परेशानी नहीं हुई।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही घाटशिला के डीएसपी अजीत कुमार कुजूर मौके पर पहुंचे और बैंक कर्मचारियों से पूछताछ की।
डीएसपी ने कहा कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
