पटना से रांची जा रही जनशताब्दी एक्सप्रेस को रविवार सुबह गया के पास बंधुआ स्टेशन पर 30 मिनट के लिए रोकना पड़ा। ट्रेन के एक कोच के पहिए में ब्रेक बाइंडिंग की वजह से धुआं और चिंगारी निकलने लगी थी, जिसके बाद रेल प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया।
गया के बंधुआ स्टेशन के पास रुकी पटना-रांची जनशताब्दी एक्सप्रेस
पटना से गया होते हुए रांची जा रही जनशताब्दी एक्सप्रेस में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ट्रेन के एक कोच के पहिए से अचानक धुआं और आग की लपटें दिखाई दीं। यह घटना गया स्टेशन से खुलने के कुछ ही दूरी बाद बंधुआ स्टेशन के समीप सुबह करीब 10:00 बजे की है।
अचानक धुआं उठते देख यात्रियों में दहशत फैल गई। जैसे ही लोको पायलट ने खतरे को भांपते हुए ट्रेन रोकी, वैसे ही यात्री अपनी सुरक्षा के लिए डिब्बों से नीचे उतर आए। इस तकनीकी समस्या के कारण ट्रेन करीब 30 मिनट तक मौके पर ही खड़ी रही।
ब्रेक बाइंडिंग के कारण पहिए में घर्षण से उठा धुआं
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह घटना ब्रेक बाइंडिंग (ब्रेक जाम होने) के कारण हुई। ब्रेकवैन से तीसरे डिब्बे के ब्रेक सिस्टम में लगे रबर युक्त यंत्र के लगातार घर्षण की वजह से पहिया अत्यधिक गर्म हो गया था, जिससे धुआं उठने लगा।
रेल ट्रैफिक अधिकारी नीरज सिंह ने स्पष्ट किया कि ब्रेक सिस्टम में लगातार रगड़ लगने से पहिए का तापमान बढ़ जाता है और कभी-कभी ऐसी स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
रेलवे स्टाफ और आरपीएफ ने पाया स्थिति पर काबू
घटना के दौरान ट्रेन में मौजूद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों ने तुरंत मोर्चा संभाला और यात्रियों को शांत कराया। वहीं, ट्रेन के टीटीई (TTE) ने बिना समय गंवाए अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) की मदद से पहिए से निकल रहे धुएं और आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
स्थिति सामान्य होने और तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ट्रेन को सुरक्षित रूप से आगे झारखंड की राजधानी रांची के लिए रवाना कर दिया गया।
