संवाददाता : चन्दन भारती
सुपौल में स्कूल की छत पर मिला युवती का शव
सुपौल जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। राजेश्वरी थाना क्षेत्र के चरनै वार्ड-4 में 19 वर्षीय वंदना कुमारी की गला रेतकर हत्या कर दी गई। युवती का शव गांव के सरकारी स्कूल की छत पर खून से लथपथ हालत में मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस और एफएसएल टीम जुटी जांच में
घटना की जानकारी मिलने के बाद एसपी सरथ आर एस, एसडीपीओ विभाष कुमार और स्थानीय पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की गई।
रात में सुनाई दी थी युवती की चीख
परिजनों के अनुसार, रात करीब साढ़े 12 बजे स्कूल की दिशा से वंदना के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। इसके बाद जब घर में उसकी तलाश की गई तो वह नहीं मिली।
परिजन स्कूल पहुंचे तो वहां स्कूल की छत पर वंदना का गला रेता हुआ शव पड़ा मिला। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
हत्या के कारणों की जांच जारी
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। हत्या के पीछे की वजह क्या थी और इस घटना में कौन लोग शामिल थे, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
