छेड़खानी का विरोध करने पर महिला पर खौलता तेल फेंका गया, एक आरोपी गिरफ्तार

छेड़खानी का विरोध करने पर महिला पर खौलता तेल फेंका गया, एक आरोपी गिरफ्तार

गिरिडीह: जिले में छेड़खानी का विरोध करने पर एक महिला पर खौलता तेल डालने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। यह मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के एक गांव का है। रविवार देर शाम हुई इस वारदात को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकी दर्ज की है और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

महिला पर उड़ेला गया खौलता तेल
घटना में गंभीर रूप से झुलसी महिला का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। पीड़िता ने बताया कि वह अपनी रोजी-रोटी के लिए एक छोटी दुकान चलाती है। रविवार शाम वह दुकान पर पकौड़ी बना रही थी, तभी पास के गांव के रहने वाले उदय चौधरी और मनीष चौधरी वहां पहुंचे और उसके साथ छेड़खानी करने लगे। विरोध करने पर दोनों ने उस पर खौलता तेल उड़ेल दिया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गई। शोर सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत सदर अस्पताल ले गए।

छेड़खानी और जानलेवा हमला: पूर्व मुखिया
घटना को लेकर पूर्व मुखिया राजेश वर्मा ने बताया कि महिला का परिवार इसी दुकान की आमदनी पर निर्भर है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन दोनों युवकों ने पहले छेड़खानी की और फिर महिला की जान लेने की कोशिश की, उनका व्यवहार पहले से ही बदतमीज रहा है और वे पहले भी ऐसी घटनाओं में शामिल रहे हैं। दबंग परिवार से होने के कारण लोग उनसे उलझने से कतराते थे, लेकिन इस बार उन्होंने सारी हदें पार कर दीं। पूर्व मुखिया ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की और बताया कि ग्रामीण महिला के बेहतर इलाज के लिए हर संभव मदद कर रहे हैं।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *