गुमला के भरनो KGBV छात्रावास में 10वीं की छात्रा ने फांसी लगाई, जांच शुरू

गुमला के भरनो KGBV छात्रावास में 10वीं की छात्रा ने फांसी लगाई, जांच शुरू

गुमला के भरनो KGBV छात्रावास में छात्रा की मौत

गुमला: भरनो प्रखंड मुख्यालय स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय (केजीबीवी) के छात्रावास में बुधवार की सुबह एक 10वीं कक्षा की छात्रा की फांसी के फंदे से लटकी हुई मिलने की घटना सामने आई। मृतका की पहचान प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पेट दर्द की शिकायत के बाद कमरे में रुकी थी छात्रा

विद्यालय की वार्डन दिव्या टोप्पो के अनुसार, प्रतिदिन की तरह बुधवार सुबह सभी छात्राएं पीटी (शारीरिक प्रशिक्षण) के लिए मैदान गई थीं। प्रियंका ने पेट दर्द की शिकायत करते हुए पीटी में जाने से मना कर दिया और छात्रावास के अपने कमरे में ही रुक गई।

पीटी के दौरान जब उसकी अनुपस्थिति दर्ज हुई तो कुछ छात्राओं को उसे बुलाने भेजा गया। छात्राओं के अनुसार, प्रियंका ने कमरे के अंदर से बताया कि उसकी तबीयत ठीक नहीं है और वह पीटी में शामिल नहीं होगी।

दरवाजा तोड़ने पर फंदे से लटकी मिली छात्रा

पीटी समाप्त होने के बाद छात्राएं वापस लौटीं तो प्रियंका के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद विद्यालय कर्मियों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया।

कमरे के अंदर प्रियंका दुपट्टे के सहारे फंदे से लटकी हुई मिली। उसे तुरंत नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस और प्रशासन ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर भरनो थाना पुलिस, शिक्षा विभाग और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी कविता खलखो, एसडीएम अखिलेश कुमार, बीडीओ अरुण कुमार सिंह, बीपीओ सूरज लकड़ा सहित कई अधिकारी विद्यालय पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने छात्रावास में रह रही अन्य छात्राओं से भी बातचीत की।

परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग की

घटना की सूचना मिलने पर मृतका के परिजन भी विद्यालय पहुंचे। परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

मृतका के पिता चैतू उरांव ने कहा कि उनकी बेटी शांत स्वभाव और मिलनसार थी। उनका कहना है कि केवल पेट दर्द की वजह से वह इतना बड़ा कदम नहीं उठा सकती। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की गहन जांच कर सच्चाई सामने लाने की अपील की।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही छात्रा की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। घटना के बाद विद्यालय परिसर में शोक का माहौल है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *