मिथलेश कुमार : बोकारो जिले के पेटरवार थाना क्षेत्र में ₹50 हजार की छिनतई मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल और ₹23 हजार नकद बरामद किए हैं। मामले की जानकारी एसडीपीओ रविन्द्र कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता में दी।
बोकारो के पेटरवार में 48 घंटे में छिनतई कांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
बोकारो जिले के बेरमो अनुमंडल अंतर्गत पेटरवार थाना क्षेत्र में हुई ₹50 हजार की छिनतई की घटना का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर उद्भेदन कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल और ₹23 हजार नकद भी बरामद किए हैं।
पेटरवार थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में बेरमो अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) रविन्द्र कुमार सिंह ने मामले का खुलासा किया।
बैंक से रुपये निकालकर लौट रही महिला से हुई थी छिनतई
एसडीपीओ ने बताया कि 8 जुलाई 2026 को ग्राम कोनारबेड़ा निवासी मंजू देवी ने पेटरवार थाना में आवेदन देकर बताया था कि वह बैंक ऑफ इंडिया की पेटरवार शाखा से ₹50 हजार निकालकर मोटरसाइकिल से घर लौट रही थीं। इसी दौरान जाराटांड़ व्यापार मंडल भवन के समीप बुलेट सवार दो अपराधियों ने रास्ता पूछने के बहाने उनसे रुपये छीन लिए।
इस मामले में पेटरवार थाना कांड संख्या 114/26 के तहत धारा 304(2) बीएनएस में प्राथमिकी दर्ज कर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।
तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर हुई गिरफ्तारी
दो आरोपी गिरफ्तार, बुलेट और नकदी बरामद
विशेष जांच दल ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दिलीप तिवारी (38 वर्ष), पिता स्व. दशरथ तिवारी, निवासी सहारजोरी, थाना चंदनकियारी, जिला बोकारो तथा ब्रजेश कुमार शर्मा (32 वर्ष), पिता अंबुज शर्मा को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने छिनतई की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल (JH09BL-8183) और ₹23 हजार नकद बरामद किए।
पहले की वारदात स्वीकार करने का दावा
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों ने इसी बुलेट मोटरसाइकिल से 9 जून 2026 को पेटरवार गेस्ट हाउस के समीप ₹49 हजार की लूट की घटना में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
मुख्य आरोपी का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी दिलीप तिवारी के विरुद्ध पूर्व से भी विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें पेटरवार, चास, सियालजोरी, सेक्टर-4, चंदनकियारी तथा पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के मामले शामिल हैं।
एसआईटी टीम की भूमिका की सराहना
एसडीपीओ रविन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि इस कार्रवाई में जरीडीह इंस्पेक्टर, पेटरवार थाना प्रभारी राजू मुंडा, तेनुघाट ओपी प्रभारी भजन लाल महतो, महावीर एक्का, राजेश यादव (सीसीआर बोकारो), रंजन सिंह (कसमार थाना), अजय महतो तथा अन्य पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
उन्होंने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
