मिथलेश कुमार : बोकारो जिले के बेरमो अनुमंडल अंतर्गत पेटरवार थाना क्षेत्र के भेलवा टांड स्थित मुख्यमंत्री कौशल विकास केंद्र में एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के पुरुलिया निवासी 45 वर्षीय गणेश कपरदार के रूप में हुई है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
बोकारो के पेटरवार में मुख्यमंत्री कौशल विकास केंद्र के कुक की हत्या
बोकारो जिले के बेरमो अनुमंडल स्थित पेटरवार थाना क्षेत्र के भेलवा टांड में संचालित मुख्यमंत्री कौशल विकास केंद्र में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के पुरुलिया निवासी लगभग 45 वर्षीय गणेश कपरदार के रूप में हुई है, जो केंद्र में कुक के रूप में कार्यरत थे।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।
एसडीपीओ बोले, जल्द सुलझाई जाएगी हत्या की गुत्थी
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) रविन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि हत्या की गुत्थी जल्द सुलझा ली जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच में सहायता के लिए बोकारो से स्क्वॉड डॉग और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है।
उन्होंने बताया कि घटनास्थल से मिलने वाली सभी वस्तुओं की जब्ती सूची तैयार की जा रही है। साथ ही हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
दो वर्षों से केंद्र में कुक के रूप में कार्यरत थे गणेश कपरदार
मुख्यमंत्री कौशल विकास केंद्र में रह रहे कैंप मैनेजर संजीत कुमार सिंह ने बताया कि गणेश कपरदार पिछले दो वर्षों से केंद्र में कुक के रूप में कार्य कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि जब वह लंच के लिए मेस में नाश्ते की व्यवस्था देखने पहुंचे, तब गणेश कपरदार को बेड के नीचे गिरा हुआ पाया। इसके बाद उन्होंने अपने अधिकारियों और पेटरवार थाना प्रभारी को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
कई थाना प्रभारी जांच में जुटे
घटना की जांच में आईईएल थाना प्रभारी, तेनुघाट ओपी प्रभारी, कसमार थाना प्रभारी और पेटरवार थाना प्रभारी शामिल हैं। समाचार लिखे जाने तक मृतक के परिजन घटनास्थल पर नहीं पहुंचे थे।
पूर्व विधायक ने जल्द जांच पूरी करने की मांग की
घटना की जानकारी मिलने पर गोमिया के पूर्व विधायक डॉ. लम्बोदर महतो भी घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने एसडीपीओ रविन्द्र कुमार सिंह से बातचीत कर हत्या की शीघ्र जांच पूरी करने तथा मामले का जल्द उद्भेदन करने की मांग की। साथ ही दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की बात कही।
