61 दिनों से लापता कन्हैया कुमार को कोडरमा से सुरक्षित बरामद, 22 नवंबर को रांची से हुआ था गायब

61 दिनों से लापता कन्हैया कुमार को कोडरमा से सुरक्षित बरामद, 22 नवंबर को रांची से हुआ था गायब

कोडरमा: जिले की चंदवारा थाना पुलिस ने 61 दिनों से लापता एक 12 वर्षीय बच्चे को सकुशल बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कन्हैया कुमार (12 वर्ष) 22 नवंबर की शाम रांची के ओरमांझी इलाके से लापता हो गया था। परिजनों द्वारा थाना में शिकायत दर्ज कराने के बाद से पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी।

कन्हैया कुमार की खोज के लिए रांची पुलिस ने एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया था। एसआईटी द्वारा बच्चे की तस्वीर राज्य के सभी थानों में भेजी गई थी, वहीं उसकी बरामदगी के लिए देश के सात राज्यों में छापेमारी भी की जा रही थी। इसी क्रम में कोडरमा जिले के चंदवारा थाना पुलिस को उरवां गांव में एक गुमशुदा बच्चे के मिलने की सूचना प्राप्त हुई।

सूचना मिलते ही चंदवारा थाना प्रभारी शशिभूषण कुमार उरवां गांव पहुंचे और बच्चे को सुरक्षित बरामद किया। इसके बाद बच्चे की तस्वीर कोडरमा के पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह को भेजी गई। एसपी अनुदीप सिंह ने यह तस्वीर रांची के एसएसपी राकेश रंजन को भेजकर पुष्टि कराई, जिसमें यह स्पष्ट हुआ कि बरामद बच्चा ओरमांझी से लापता कन्हैया कुमार ही है।

बच्चे की सकुशल बरामदगी की सूचना मिलने के बाद रांची पुलिस की टीम कोडरमा के लिए रवाना हो चुकी है। इस संबंध में थाना प्रभारी शशिभूषण कुमार ने बताया कि फिलहाल कन्हैया कुमार को चंदवारा थाना में सुरक्षित रखा गया है। रांची पुलिस के पहुंचने के बाद बच्चे को उनके सुपुर्द कर दिया जाएगा।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *