झारखंड में तापमान के लिहाज़ से पूरा सप्ताह रहेगा अनुकूल, न्यूनतम पारे में 5 डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना

झारखंड में तापमान के लिहाज़ से पूरा सप्ताह रहेगा अनुकूल, न्यूनतम पारे में 5 डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना

रांची: कड़ाके की ठंड से परेशान झारखंडवासियों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य में शीतलहर का असर अब धीरे-धीरे कम होने लगा है। दिन के समय तापमान बढ़ने से हल्की गर्माहट महसूस की जा रही है। ठंड के मौसम में पहली बार अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में भी 3 से 5 डिग्री तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। हालांकि, राज्य के कुछ जिलों में अब भी सर्दी का असर बना हुआ है, लेकिन धूप निकलते ही लोगों को राहत मिल रही है और हवा में पहले जैसी ठंडक नहीं रही।

मौसम विज्ञान केंद्र, रांची द्वारा 19 जनवरी को जारी रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटों में राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान खूंटी में 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले यहां तापमान 1.5 डिग्री तक पहुंच गया था। खूंटी के अलावा गुमला में 5.3 डिग्री, लोहरदगा में 6.3 डिग्री और बोकारो में 6.1 डिग्री न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ। लातेहार में ठंड से बड़ी राहत मिली है, जहां न्यूनतम तापमान बढ़कर 13.1 डिग्री हो गया। वहीं रांची में 8.4 डिग्री, डाल्टनगंज में 6.7 डिग्री और चाईबासा में 9.2 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अधिकतम तापमान में भी लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। चाईबासा में अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम में पहली बार 30 डिग्री के पार पहुंचा है। इसके अलावा रांची में 26.6 डिग्री, जमशेदपुर में 28 डिग्री, डाल्टनगंज में 28.8 डिग्री, बोकारो में 26.8 डिग्री, देवघर में 25.8 डिग्री, कोडरमा में 25.7 डिग्री, गुमला में 26.1 डिग्री, खूंटी में 27.8 डिग्री, लोहरदगा में 27.2 डिग्री, पाकुड़ में 27.7 डिग्री और सरायकेला में 29.8 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। फिलहाल केवल हजारीबाग और लातेहार में अधिकतम तापमान 25 डिग्री से नीचे बना हुआ है।

मौसम केंद्र ने अनुमान जताया है कि अगले पांच दिनों तक राज्य में मौसम शुष्क रहेगा। वहीं सोमवार से अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 3 से 5 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। इस दौरान सुबह के समय कुछ इलाकों में हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है, लेकिन दिन में आसमान साफ रहेगा।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *