अस्पताल में सरयू राय से मिले स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, जाना हाल

रांची के अस्पताल में वरिष्ठ विधायक सरयू राय का हालचाल जानते स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी

झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने रांची के क्यूरेस्टा हॉस्पिटल पहुंचकर वरिष्ठ विधायक सरयू राय का हालचाल जाना। तबीयत खराब होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराए गए सरयू राय के चिकित्सकों से मिलकर स्वास्थ्य मंत्री ने बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

रांची के क्यूरेस्टा हॉस्पिटल पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी

रांची: झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने वरिष्ठ विधायक सरयू राय के अस्वस्थ होने की खबर मिलते ही अस्पताल पहुंचकर उनसे मुलाकात की। अचानक स्वास्थ्य संबंधी समस्या उत्पन्न होने के बाद सरयू राय को रांची स्थित क्यूरेस्टा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

विधानसभा में सरयू राय की अनुपस्थिति की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य मंत्री उनका हालचाल जानने पहुंचे। उन्होंने इलाज कर रहे डॉक्टरों से विस्तृत चर्चा कर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सरयू राय को बताया अभिभावक समान और सिद्धांतवादी नेता

मुलाकात के बाद डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि सरयू राय उनके लिए केवल एक वरिष्ठ विधायक नहीं, बल्कि अभिभावक के समान हैं। उन्होंने हमेशा उन्हें मार्गदर्शन दिया और राजनीति में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरयू राय झारखंड की राजनीति के एक अनुभवी, सिद्धांतवादी और बेबाक नेता हैं, जो हमेशा विधानसभा में तथ्यों के साथ जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाते हैं।

ईश्वर से की शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना

डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि अस्पताल में सरयू राय से मिलकर वे भावुक हो गए। उन्होंने ईश्वर से उनके जल्द पूरी तरह स्वस्थ होकर पुनः विधानसभा की कार्यवाही में शामिल होने की प्रार्थना की।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि झारखंड की जनता और जनप्रतिनिधियों को उनके लंबे अनुभव और मार्गदर्शन की हमेशा आवश्यकता रहेगी।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *