छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल (CGBSE) की द्वितीय मुख्य परीक्षा के मूल्यांकन के बीच बोर्ड ने छात्र-छात्राओं और अभिभावकों के लिए सतर्कता एडवायजरी जारी की है। परीक्षा परिणाम सुधारने और अंक बढ़ाने के नाम पर आ रहे फर्जी फोन कॉल से बचने और किसी भी तरह के आर्थिक लेन-देन न करने की सख्त हिदायत दी गई है।
बोर्ड परीक्षा मूल्यांकन के बीच फर्जी कॉल को लेकर छत्तीसगढ़ बोर्ड अलर्ट
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल (CGBSE) की द्वितीय मुख्य/अवसर परीक्षा समाप्त होने के बाद वर्तमान में उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य जारी है। इस दौरान मण्डल प्रशासन ने विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को अंक बढ़ाने तथा परीक्षा परिणाम में सुधार का झांसा देने वाले फर्जी फोन कॉल के प्रति सतर्क रहने की चेतावनी दी है।
बोर्ड अधिकारियों ने सभी परीक्षार्थियों और उनके परिजनों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इस तरह की साइबर धोखाधड़ी से सावधान रहें और किसी के बहकावे में न आएं।
पिछले वर्षों की शिकायतों को देखते हुए बोर्ड प्रशासन ने पहले ही जारी की चेतावनी
माध्यमिक शिक्षा मण्डल के अनुसार, पिछले वर्षों (2024 और 2025) में भी परीक्षा परिणाम घोषित होने से पहले और बाद में फर्जी फोन कॉल्स की कई शिकायतें मिली थीं। ठगों द्वारा अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों को पास कराने या नंबर बढ़ाने का लालच देकर पैसों की मांग की गई थी।
भारत मंथन लाइव न्यूज के अनुसार, इसी अनुभव को ध्यान में रखते हुए इस बार मूल्यांकन प्रक्रिया शुरू होते ही बोर्ड प्रशासन ने अग्रिम चेतावनी जारी कर दी है।
फर्जी कॉल आने पर तुरंत पुलिस में करें शिकायत
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल ने अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति फोन या अन्य किसी माध्यम से अंक बढ़ाने या पास कराने का दावा करता है, तो उसकी बातों पर बिल्कुल विश्वास न करें। मण्डल ने कहा है कि ऐसे संदिग्ध कॉलर्स के साथ कोई भी वित्तीय लेन-देन न करें और घटना की सूचना तुरंत अपने नजदीकी पुलिस थाने में दें।
मण्डल ने अपने आधिकारिक बयान में स्पष्ट किया है कि फर्जी कॉल्स या पैसों की मांग से बोर्ड का कोई संबंध नहीं है। मण्डल की मूल्यांकन व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित है।
