रायपुर के सिविल लाइन थाने में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की तिरंगा फहराने की तस्वीर से कथित छेड़छाड़ और भ्रामक जानकारी फैलाने के आरोप में कांग्रेस आईटी सेल नेता अरुण साहू के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास की शिकायत पर यह कानूनी कार्रवाई की गई।
रायपुर में विवादित सोशल मीडिया पोस्ट पर एफआईआर दर्ज
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद नितिन नबीन की तस्वीर से छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने कांग्रेस आईटी सेल के बेमेतरा जिलाध्यक्ष अरुण साहू के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान की तस्वीर से छेड़छाड़ का आरोप
शिकायत के अनुसार, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत नितिन नबीन ने अपने निवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया था। आरोप है कि अरुण साहू ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से उस तस्वीर से छेड़छाड़ कर राष्ट्रीय ध्वज का अपमान किया और नितिन नबीन को बदनाम करने की कोशिश की। विवाद के बाद पोस्ट डिलीट कर दी गई, जिसका स्क्रीनशॉट शिकायत में संलग्न है।
पुलिस ने इन धाराओं में दर्ज किया मामला
मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम की धारा 2 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 356 के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस अब सोशल मीडिया पोस्ट, उसके स्रोत और संबंधित तथ्यों की जांच कर रही है। भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस पर राष्ट्रध्वज और नेताओं के खिलाफ सुनियोजित मुहिम चलाने का आरोप लगाया है।
