“रांची में दिन-रात के तापमान में बड़ा फर्क, अगले 24 घंटे हल्की ठंड का अनुमान”

“रांची में दिन-रात के तापमान में बड़ा फर्क, अगले 24 घंटे हल्की ठंड का अनुमान”

रांची: झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। दिन के समय गर्मी का एहसास होने लगा है, जबकि रात के तापमान में अभी भी ठंडक बनी हुई है। रांची और आसपास के इलाकों में दिन-रात के तापमान में साफ अंतर देखने को मिल रहा है। रांची का न्यूनतम तापमान बढ़ा है, हालांकि कांके क्षेत्र में तापमान अब भी 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूरे राज्य में सबसे कम रहा।

रांची का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, राज्य में सबसे ज्यादा गर्मी डाल्टनगंज में महसूस की जा रही है, जहां अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री तक पहुंच गया है।

अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, झारखंड के कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से 1 से 3 डिग्री तक बढ़ा है। डाल्टनगंज के बाद चाईबासा दूसरा सबसे गर्म जिला बना हुआ है, जहां बीते दो दिनों से तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।

अन्य जिलों में सरायकेला में 30.7 डिग्री, जमशेदपुर में 29 डिग्री, खूंटी में 27.02 डिग्री, देवघर में 27 डिग्री, सिमडेगा में 26.9 डिग्री, रांची और गुमला में 26.8 डिग्री, कोडरमा में 26.7 डिग्री और पाकुड़ में 26.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। लोहरदगा में 26.5, हजारीबाग में 26.2 और बोकारो में 25.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा।

न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ाव जारी
कई जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 से 3 डिग्री तक कम बना हुआ है, जबकि कुछ जगहों पर यह सामान्य से ज्यादा भी रिकॉर्ड किया गया है। डाल्टनगंज, बोकारो और चाईबासा में न्यूनतम तापमान औसत से कम रहा। रांची के बाद सबसे कम न्यूनतम तापमान खूंटी में 6.4 डिग्री दर्ज किया गया।

इसके अलावा लोहरदगा में 6.8 डिग्री, बोकारो और हजारीबाग में 7.7 डिग्री, गुमला में 7.8 डिग्री और सिमडेगा में 8.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार, गणतंत्र दिवस की सुबह कुछ इलाकों में हल्का कोहरा छा सकता है, लेकिन दिन के समय मौसम साफ रहने की संभावना है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *