नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ के म्यूजिकल कैंपेन का आगाज ‘जय जय राम’ गीत के साथ हो गया है। एआर रहमान के संगीत, अरिजीत सिंह व श्रेया घोषाल की आवाज और डॉ. कुमार विश्वास के लिखे इस गीत ने रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर धूम मचा दी है।
‘रामायण’ के म्यूजिकल कैंपेन का आगाज: डॉ. कुमार विश्वास का ‘जय जय राम’ गाना सोशल मीडिया पर छाया
रायपुर। फिल्म ‘रामायण’ के बहुप्रतीक्षित म्यूजिकल कैंपेन की भव्य शुरुआत ‘जय जय राम’ गीत के साथ हो गई है। रिलीज होते ही इस गीत ने संगीत और सिनेमा जगत में तहलका मचा दिया है। ऑस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान की धुन, अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल की सुरीली आवाज तथा प्रसिद्ध कवि डॉ. कुमार विश्वास के दिव्य बोलों से सजे इस गाने को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है।
नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित इस महत्त्वाकांक्षी फिल्म में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश और सनी देओल मुख्य भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं।
भक्त और भगवान के अटूट संबंध की अभिव्यक्ति
गीत की सफलता पर मीडिया से बात करते हुए कवि और गीतकार डॉ. कुमार विश्वास ने कहा, “‘जय जय राम’ केवल तीन सरल शब्द नहीं हैं, बल्कि इनके भीतर एक संपूर्ण प्रार्थना समाहित है। इसे लिखते समय मेरा उद्देश्य श्रीराम का वर्णन करना नहीं था, क्योंकि उन्हें शब्दों में नहीं बांधा जा सकता। मेरा प्रयास उस संबंध को व्यक्त करना था जो हर भक्त अपने राम के साथ महसूस करता है।”
उन्होंने बताया कि गीत की भाषा को जानबूझकर बहुत सरल और सहज रखा गया है, ताकि हर श्रोता इसके साथ जुड़ सके और इसके भीतर अपनी स्वयं की प्रार्थना खोज सके।
बॉलीवुड में बढ़ी डॉ. कुमार विश्वास की मांग
इस गीत की सफलता के साथ ही फिल्म उद्योग में डॉ. कुमार विश्वास का प्रभाव और बढ़ गया है। इससे पहले वे फिल्म ‘मिशन रानीगंज’ के चर्चित गीत ‘जीतेंगे’ के लिए भी गीत लिख चुके हैं।
‘रामायण’ जैसे बड़े वैश्विक प्रोजेक्ट से जुड़ने के बाद मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में उनकी मांग काफी बढ़ गई है। सूत्रों के अनुसार, वे वर्तमान में बॉलीवुड की दो अन्य बड़ी फिल्मों के लिए भी गीत और संवाद लेखन का काम कर रहे हैं।
