भलसुंधा के पास संयुक्त छापेमारी
बेरमो/बोकारो। मिथलेश कुमार
उपायुक्त बोकारो के निर्देश पर जिले में अवैध खनन के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में चिरा चास थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अवैध बालू लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया।
जानकारी के अनुसार, चिरा चास से तलगड़िया जाने वाले पथ पर भलसुंधा के समीप खनन विभाग और पुलिस की टीम ने संयुक्त छापेमारी की। इस दौरान बालू खनिज का अवैध परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर पकड़ा गया।
वैध चालान और कागजात नहीं मिले
खान निरीक्षकों ने बताया कि जांच के दौरान ट्रैक्टर चालक बालू परिवहन से संबंधित कोई वैध चालान या कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। अधिकारियों के अनुसार, अवैध परिवहन से सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा था।
आवश्यक दस्तावेज नहीं मिलने के कारण विधिवत कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर को जब्त कर चिरा चास थाना को सुपुर्द कर दिया गया।
अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात
अधिकारियों ने कहा कि जिले में अवैध खनन और अवैध कारोबार नहीं चलने दिया जाएगा। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही।
छापेमारी अभियान में खान निरीक्षक अजय कुमार महतो, खान निरीक्षक सीताराम टुडू और पुलिस बल के जवान मौजूद थे।
