IND vs NZ चौथा टी20: वर्ल्ड कप से पहले भारत के लिए बेंच स्ट्रेंथ परखने का बड़ा मौका

IND vs NZ चौथा टी20: वर्ल्ड कप से पहले भारत के लिए बेंच स्ट्रेंथ परखने का बड़ा मौका

भारत और न्यूजीलैंड आज (28 जनवरी) आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में चौथे टी20 मुकाबले में आमने-सामने होंगे। यह मैच भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा। पांच मैचों की टी20 सीरीज पहले ही भारत के नाम हो चुकी है, क्योंकि टीम इंडिया शुरुआती तीन मुकाबले जीतकर 3-0 की अजेय बढ़त बना चुकी है।

सीरीज में दबदबा कायम करने के बाद भारतीय टीम इस मैच को टी20 वर्ल्ड कप से पहले अपने कॉम्बिनेशन को और मजबूत करने के अवसर के तौर पर देख रही है। वहीं, न्यूजीलैंड की टीम पिछले मैच में हर विभाग में कमजोर साबित होने के बाद दमदार वापसी की कोशिश करेगी।

भारतीय बल्लेबाजी चरम पर

इस सीरीज में भारतीय बल्लेबाजों ने जबरदस्त प्रदर्शन किया है। टीम ने 209 रनों का लक्ष्य महज 15.2 ओवर में हासिल किया, जबकि 154 रनों के लक्ष्य को सिर्फ 10 ओवर में पार कर लिया। मेजबान भारत एक बार फिर अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से विरोधी टीम पर दबाव बनाने उतरेगा।

अभिषेक शर्मा पर रहेंगी नजरें

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया अपनी जीत की लय बरकरार रखना चाहेगी। एक बार फिर सभी की नजरें अभिषेक शर्मा पर होंगी, जो मौजूदा समय में भारतीय टी20 टीम के पोस्टर बॉय बन चुके हैं। गुवाहाटी में उन्होंने महज 14 गेंदों में अर्धशतक जड़ा, जो किसी भारतीय द्वारा टी20 में दूसरी सबसे तेज फिफ्टी है।

न्यूजीलैंड के गेंदबाजों के पास फिलहाल उन्हें रोकने का कोई ठोस प्लान नजर नहीं आ रहा। टीम के बॉलिंग कोच जैकब ओरम ने भी माना कि अभिषेक की बल्लेबाजी में कमजोरी ढूंढना और उसके खिलाफ रणनीति लागू करना बेहद मुश्किल है।

संजू सैमसन पर बढ़ा दबाव

संजू सैमसन के प्रदर्शन पर भी सबकी निगाहें होंगी। शुभमन गिल के बाहर होने के बाद टॉप ऑर्डर में लौटे सैमसन अब तक तीन पारियों में सिर्फ 16 रन ही बना सके हैं, जिससे उन पर दबाव बढ़ गया है। ऊपर से ईशान किशन के शानदार फॉर्म ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि उन्हें चौथे मैच में मौका मिलता है या नहीं।

श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल की वापसी संभव

टीम मैनेजमेंट श्रेयस अय्यर को भी प्लेइंग इलेवन में शामिल कर सकता है। अय्यर ने मंगलवार को नेट्स में लंबा अभ्यास किया है। हालांकि वह अभी टीम के मुख्य टी20 प्लान का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन पेस और स्पिन दोनों के खिलाफ उनका रिकॉर्ड अच्छा रहा है।
इसके अलावा अक्षर पटेल की वापसी भी तय मानी जा रही है, जो नागपुर में उंगली की चोट के कारण पिछले दो मुकाबले नहीं खेल पाए थे।

न्यूजीलैंड टीम में तीन बदलाव

तीन लगातार मैच हारने के बाद न्यूजीलैंड ने अपने स्क्वाड में तीन बदलाव किए हैं। तेज गेंदबाज क्रिस्टियन क्लार्क और टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज टिम रॉबिन्सन को बाहर किया गया है, जबकि जिमी नीशम, लॉकी फर्ग्यूसन और फिन एलेन को टीम में शामिल किया गया है।

विशाखापट्टनम की पिच रिपोर्ट

विशाखापट्टनम की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जा रही है। पिछली बार यहां खेले गए पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 209 रनों का लक्ष्य एक गेंद शेष रहते हासिल किया था।

संभावित प्लेइंग इलेवन

भारत:
संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या/अक्षर पटेल, रिंकू सिंह, अर्शदीप सिंह, रवि बिश्नोई/वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह

न्यूजीलैंड:
डेरिल मिशेल, टिम सेफर्ट (विकेटकीपर), रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, जिमी नीशम, मिशेल सेंटनर (कप्तान), काइल जैमीसन, मैट हेनरी, ईश सोढ़ी, जैकब डफी

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *