उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री और भाजपा नेता नानक राम भुर्जी (68) की मंगलवार को लखनऊ के हजरतगंज स्थित दारुलशफा नए विधायक निवास परिसर के ऊपरी तल से गिरकर मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की कानूनी जांच शुरू कर दी है।
लखनऊ में विधायक निवास परिसर से गिरकर पूर्व मंत्री की मौत
उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता नानक राम भुर्जी (68) की मंगलवार को लखनऊ के हजरतगंज क्षेत्र स्थित दारुलशफा नए विधायक निवास परिसर के ऊपरी तल से गिरकर मौत हो गई।
विधायक निवास के कार्यालय प्रभारी द्वारा स्थानीय पुलिस चौकी को परिसर के पीछे ऊपरी तल से एक व्यक्ति के गिरने की सूचना दी गई थी।
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल भुर्जी को इलाज के लिए अस्पताल ले गई। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
लंबे समय से अवसाद से ग्रस्त थे पूर्व मंत्री, पुलिस जांच जारी
पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नानक राम भुर्जी लंबे समय से अवसाद (डिप्रेशन) से पीड़ित थे। उन्हें अक्सर विधायक निवास परिसर में घूमते हुए देखा जाता था।
पुलिस ने बताया कि परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
