हूती हमले के बाद रियाद जाने वाली एयर इंडिया फ्लाइट लौटी, 10 अक्टूबर तक उड़ानें रद्द

हूती हमले के बाद रियाद एयरपोर्ट पर उड़ानें रद्द होने की सूचना

नई दिल्ली से रियाद जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट को हूती विद्रोहियों के मिसाइल हमले के दावे के बाद बीच रास्ते से लौटना पड़ा। सुरक्षा कारणों से एयर इंडिया और अन्य एयरलाइनों ने 10 अक्टूबर तक रियाद के लिए उड़ानें रद्द कर दी हैं।

रियाद जाने वाली एयर इंडिया फ्लाइट लौटी

नई दिल्ली से सऊदी अरब की राजधानी रियाद जा रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट को गुरुवार को बीच रास्ते से भारत लौटना पड़ा। यमन के हूती विद्रोहियों द्वारा मिसाइल हमले का दावा किए जाने के बाद यह कदम उठाया गया। एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने सुरक्षा कारणों से 10 अक्टूबर 2026 तक रियाद से आने-जाने वाली उड़ानें निलंबित कर दी हैं। इंडिगो और अकासा एयर ने भी अपनी उड़ानें रद्द कर दी हैं।

रियाद एयरपोर्ट ने जारी किया ट्रैवल अलर्ट

रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने 8 अक्टूबर को यात्रियों के लिए ट्रैवल अलर्ट जारी किया। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की कि वे एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले अपनी एयरलाइन से फ्लाइट स्टेटस की पुष्टि करें। सऊदी अरब स्थित भारतीय दूतावास ने भी इस अलर्ट को साझा किया, जिससे भारतीय यात्रियों की चिंता बढ़ गई है।

80 मिनट तक रुकी उड़ानें

फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटराडार24 के अनुसार भारतीय समयानुसार शाम 4:29 बजे तक लगभग 80 मिनट तक रियाद एयरपोर्ट पर कोई विमान नहीं उतरा था। करीब 90 मिनट तक कोई विमान वहां से उड़ान भी नहीं भरा। बाद में एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन दोबारा शुरू होने की जानकारी सामने आई।

हूतियों का मिसाइल हमले का दावा

यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने रियाद एयरपोर्ट पर मिसाइल हमला करने का दावा किया है। इससे पहले भी वे सऊदी अरब के सैन्य ठिकानों और एयरपोर्ट्स को निशाना बनाने के दावे कर चुके हैं। बुधवार को हूतियों ने यमन के अदन एयरपोर्ट पर भी मिसाइल हमले का दावा किया था। मौजूदा सुरक्षा स्थिति को देखते हुए यात्रियों को अपनी एयरलाइन से ताजा उड़ान जानकारी लेने की सलाह दी गई है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *