रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय राज्योत्सव 2026 में हवाई करतब दिखाने के लिए भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर प्रदर्शन टीम सोमवार शाम रायपुर पहुंची। टीम नवा रायपुर अटल नगर स्थित सेंध झील क्षेत्र के ऊपर हवाई प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित करेगी।
स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टर से होगा प्रदर्शन
सारंग हेलीकॉप्टर प्रदर्शन टीम स्वदेश में विकसित उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर (ALH) ध्रुव से उड़ान भरती है। टीम अपनी सटीक उड़ान, समन्वित संरचनाओं और रोमांचक हवाई करतबों के लिए जानी जाती है।
इस प्रदर्शन के जरिए भारतीय वायु सेना के उड़ान कौशल, अनुशासन, टीम भावना और पेशेवर दक्षता का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही, यह भारत की स्वदेशी हेलीकॉप्टर क्षमताओं को भी प्रदर्शित करेगा।
युवाओं और विमानन में रुचि रखने वालों को मिलेगा अवसर
राज्योत्सव में सारंग टीम का प्रदर्शन नागरिकों, विद्यार्थियों, युवाओं और विमानन में रुचि रखने वाले लोगों को हेलीकॉप्टरों की सामूहिक उड़ान में सटीकता और आपसी तालमेल देखने का अवसर देगा।
इस आयोजन का उद्देश्य भारतीय वायु सेना और छत्तीसगढ़ के नागरिकों के बीच जुड़ाव को और मजबूत करना भी है। टीम की भागीदारी राज्योत्सव के आकर्षण को बढ़ाएगी।
मोर से प्रेरित है सारंग टीम की रंग-सज्जा
सारंग हेलीकॉप्टर प्रदर्शन टीम की विशिष्ट रंग-सज्जा मोर से प्रेरित है। टीम का आदर्श वाक्य “उत्कृष्टता से प्रेरणा” है। यह टीम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में भारतीय वायु सेना की उत्कृष्टता का प्रतिनिधित्व करती है।
रायपुर में टीम की मौजूदगी युवाओं को विमानन और राष्ट्रसेवा के प्रति प्रेरित करने का अवसर प्रदान करेगी।
