एशियन गेम्स 2026: दूसरे दिन भारत ने जीते 4 मेडल, कुल संख्या 6 हुई

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय शूटिंग टीम के खिलाड़ी पदक जीतने के बाद

एशियन गेम्स 2026 के दूसरे दिन भारतीय एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार पदक अपने नाम किए। इसके साथ ही प्रतियोगिता में भारत के कुल पदकों की संख्या छह पहुंच गई है। निशानेबाजी में भारतीय एथलीटों ने दबदबा बनाते हुए तीन पदक हासिल किए, जबकि एम-एम-ए (MMA) में एक कांस्य पदक भारत के खाते में आया।

निशानेबाजों ने एशियन गेम्स में फिर बिखेरा जलवा

एशियन गेम्स 2026 के दूसरे दिन भारतीय दल के लिए शूटिंग सबसे सफल खेल साबित हुआ। पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में हिमांशु ढिल्लों, रुद्रांक्ष पाटिल और पार्थ माने की तिकड़ी ने 1890.1 अंक हासिल कर रजत पदक जीता।

इसके बाद व्यक्तिगत 10 मीटर एयर राइफल फाइनल में भी भारतीय निशानेबाजों ने अपना दबदबा कायम रखते हुए दो पदक जीते।

व्यक्तिगत स्पर्धा में हिमांशु को सिल्वर, रुद्रांक्ष को ब्रॉन्ज

पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में हिमांशु ढिल्लों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। इसी स्पर्धा में भारत के रुद्रांक्ष पाटिल ने देश के लिए कांस्य पदक जीता।

शूटिंग के अलावा एम-एम-ए (MMA) 60 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में सिंगापुर की हुई हून तेओ से हारने के बाद भारत की सुचिका तरियाल ने कांस्य पदक हासिल किया।

टेबल टेनिस, कबड्डी और हॉकी में मिली शानदार जीत

खेलों के दूसरे दिन भारत ने अन्य खेलों में भी अपनी मजबूत शुरुआत दर्ज की:

  • हॉकी: महिला हॉकी टीम ने ग्रुप बी के मुकाबले में इंडोनेशिया को 17-1 से करारी शिकस्त देकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
  • कबड्डी: भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने ग्रुप ए मैच में जापान को 49-24 से हराकर अपने अभियान का विजयी आगाज किया।
  • टेबल टेनिस: भारत की महिला टीम ने ग्रुप एफ के मैच में पाकिस्तान को 3-0 से हरा दिया।
  • बैडमिंटन: पुरुष टीम ने प्री-क्वार्टर फाइनल में बांग्लादेश को 3-0 से पराजित किया।

स्विमिंग, वुशू और सॉफ्ट टेनिस के नतीजे

स्विमिंग में श्रीहरि नटराज पुरुषों की 50 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा के फाइनल में पहुंचे, जहां वे 25.52 सेकंड के समय के साथ 10वें स्थान पर रहे। ऋषभ दास रिजर्व में रहे, जबकि आकाश मणि, गीतेश शाह और धनुष सुरेश अपनी-अपनी स्पर्धाओं के फाइनल के लिए क्वालीफाई करने से चूक गए।

वुशू में रोशिबिना देवी ने महिलाओं के 60 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल और आर्यन ने पुरुषों के 56 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया, जबकि नीमन वांगसू चांगक्वान फाइनल में 15वें स्थान पर रहीं।

सॉफ्ट टेनिस में आध्या तिवारी और जय मीणा की जोड़ी ने कंबोडिया की जोड़ी को 5-0 से हराया, लेकिन दक्षिण कोरिया और फिलीपींस की जोड़ियों से हारकर प्री-क्वार्टर फाइनल से बाहर हो गई। सेपकटकरा में जापान ने भारत को 2-1 से हराया।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *