भागलपुर स्थित बिहार कृषि विश्वविद्यालय में 9वें दीक्षांत समारोह में राज्यपाल सैयद अता हसनैन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कृषि, तकनीक और अनुसंधान पर जोर देते हुए विकसित भारत के निर्माण में कृषि की अहम भूमिका बताई। समारोह में 443 छात्र-छात्राओं को डिग्रियां प्रदान की गईं।
भागलपुर BAU दीक्षांत समारोह में कृषि पर जोर
भागलपुर: बिहार कृषि विश्वविद्यालय (BAU) में 9वें दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें राज्यपाल सह कुलाधिपति सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में कृषि की महत्वपूर्ण भूमिका है और देश को तकनीक, जलवायु परिवर्तन और कृषि अनुसंधान पर विशेष ध्यान देना होगा।
कृषि और तकनीक पर विशेष जोर
राज्यपाल ने चीन के विकास मॉडल और देंग शिया ओपिंग के चार आधुनिकीकरण—कृषि, तकनीकी शिक्षा, उद्योग और सशस्त्र बल—का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत को भी इन क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कृषि केवल देश ही नहीं, बल्कि हर व्यक्ति के जीवन से जुड़ा विषय है।
मखाना उत्कृष्टता केंद्र की सराहना
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने विश्वविद्यालय में स्थापित “मखाना उत्कृष्टता केंद्र” को समयानुकूल और आवश्यक पहल बताया।
कुलपति ने प्रस्तुत किया प्रगति प्रतिवेदन
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. डी.आर. सिंह ने स्वागत संबोधन के साथ प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों, चल रही परियोजनाओं और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी।
443 छात्रों को डिग्री, 6 को स्वर्ण पदक
दीक्षांत समारोह में कुल 443 छात्र-छात्राओं को स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी की डिग्रियां प्रदान की गईं। इनमें 13 विद्यार्थियों को पीएचडी की उपाधि दी गई।
इसके साथ ही 6 मेधावी छात्रों को स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया गया।
बड़ी संख्या में अतिथि रहे मौजूद
समारोह में राज्यपाल के प्रधान गोपाल मीणा, बिहार सरकार के विशेष सचिव शैलेन्द्र कुमार, पूर्णिया विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. विवेकानंद सिंह, कुलपति डॉ. डी.आर. सिंह और कुलसचिव डॉ. मिजानुल हक सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के वरिष्ठ सदस्य, बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट के सदस्य, विभिन्न कॉलेजों के प्राचार्य, डीन, निदेशक, विभागाध्यक्ष, वैज्ञानिक, छात्र-छात्राएं और उनके अभिभावक बड़ी संख्या में शामिल हुए।
इस दौरान ग्रीन कैंपस, कृषि ज्ञान और अनुसंधान पर आधारित एआई फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।
