फिल्मी दुनिया में आमतौर पर एक्ट्रेस का करियर लंबा नहीं माना जाता। बहुत कम अभिनेत्रियां ही ऐसी होती हैं, जो लंबे समय तक बॉलीवुड में अपनी जगह बनाए रख पाती हैं। इंडस्ट्री में आने के बाद कई एक्ट्रेस फ्लॉप फिल्मों के चलते किसी दूसरे पेशे को अपना लेती हैं या फिर शादी कर घर-गृहस्थी में व्यस्त हो जाती हैं। इसी कड़ी में आज हम बात कर रहे हैं एक ऐसी अभिनेत्री की, जो अब बॉलीवुड छोड़कर दुबई में रियल एस्टेट एजेंट के तौर पर काम कर रही हैं।
यह वही एक्ट्रेस हैं, जिन्होंने अपने करियर में कई हिट फिल्में दीं और सलमान खान, आमिर खान व अजय देवगन जैसे बड़े सितारों के साथ काम किया। आज वह भारत नहीं, बल्कि दुबई में रह रही हैं और वहीं रियल एस्टेट के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अपने हालिया इंटरव्यू में उन्होंने खुद इस बदलाव का खुलासा किया है। इसके साथ ही उनका बदला हुआ लुक भी चर्चा में है, जिसके चलते लोग उन्हें पहचान तक नहीं पा रहे और उन पर प्लास्टिक सर्जरी कराने के आरोप लगाए जा रहे हैं।
कौन हैं ये एक्ट्रेस?
‘हंगामा’, ‘धूम’, ‘गोलमाल’, ‘फिर हेरा फेरी’ और ‘क्योंकि’ जैसी फिल्मों में नजर आ चुकी यह एक्ट्रेस रिमी सेन हैं, जो कभी अपनी खूबसूरती के लिए जानी जाती थीं। आज उन्हें देखकर कई लोग पहचानने में असमर्थ हैं। रिमी ने बॉलीवुड के कई बड़े सितारों के साथ काम किया और नामी विज्ञापनों में भी दिखाई दीं, लेकिन समय के साथ उन्हें फिल्में मिलनी बंद हो गईं। वह आखिरी बार साल 2011 में किसी फिल्म में नजर आई थीं।
रियल एस्टेट में क्यों रखा कदम?
अपने हालिया इंटरव्यू में रिमी सेन ने इस फैसले की वजह बताई। एक रियल एस्टेट कंपनी को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा, “दुबई पूरी दुनिया का खुले दिल से स्वागत करता है। यहां की करीब 95 फीसदी आबादी बाहर से आई हुई है। सभी धर्मों को बराबर सम्मान मिलता है और लोगों की जरूरतों का ख्याल रखा जाता है। दुबई का मकसद लोगों के जीवनस्तर और लाइफस्टाइल को बेहतर बनाना है।”
भारत की स्थिति पर बात करते हुए रिमी ने कहा, “यहां सिस्टम काफी खराब हो चुका है। सरकार अचानक नीतियां बदल देती है, जिससे आम लोगों के लिए मुश्किलें बढ़ जाती हैं। टैक्स का बोझ ज्यादा है, लेकिन उसके बदले सुविधाएं नहीं मिलतीं। भारत में बिजनेस करना कठिन होता जा रहा है, जबकि दुबई में सब कुछ बेहतर सिस्टम और अनुशासन के तहत चलता है।”
प्लास्टिक सर्जरी के आरोपों पर क्या बोलीं?
रिमी सेन के इंस्टाग्राम अकाउंट पर उनकी तस्वीरें देखकर कई लोग दावा कर रहे हैं कि उन्होंने प्लास्टिक सर्जरी करवाई है। इस पर सफाई देते हुए रिमी ने कहा, “अगर लोगों को लगता है कि मैंने प्लास्टिक सर्जरी करवाई है और वे इसे सही मानते हैं, तो यह मेरे लिए अच्छी बात है। लेकिन सच यह है कि मैंने कोई सर्जरी नहीं करवाई। मैंने सिर्फ पीआरपी, बोटॉक्स और फिलर्स जैसे ट्रीटमेंट लिए हैं।”
