बुरहानपुर। मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में बालाजी महाराज महोत्सव का शुभारंभ हो गया है। बड़े बालाजी महाराज के 15 दिवसीय महोत्सव के अंतर्गत शुक्रवार को ताप्ती नदी के सतीयारा घाट पर तीन दिवसीय बालाजी मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान भगवान बालाजी महाराज ने ताप्ती नदी में तीन डुबकी लगाकर भक्तों को दर्शन दिए। इसके बाद वे अपने विशेष पंडाल में विराजमान हुए।
तीन डुबकी लगाकर भगवान बालाजी ने दिए दर्शन
बालाजी महाराज के दर्शन के लिए सतीयारा घाट पर हजारों श्रद्धालु पहुंचे। नदी में तीन डुबकी लगाने के बाद भगवान बालाजी महाराज को विशेष पंडाल में विराजमान किया गया। भक्तों ने दर्शन कर पूजा-अर्चना की और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की।
दराबा प्रसाद का लगाया भोग
महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान बालाजी महाराज को उनके प्रिय प्रसाद दराबा का भोग अर्पित किया। मुख्य पुजारी मोहन बालाजी वाले और बड़े बालाजी मंदिर संस्थान के आशीष भगत ने बताया कि दराबा भगवान बालाजी महाराज का प्रिय प्रसाद है। श्रद्धालु बड़ी संख्या में प्रसाद अर्पित करने और दर्शन करने पहुंचे।
करीब 400 साल पुराना बताया जाता है मंदिर
स्थानीय जानकारी के अनुसार, बुरहानपुर स्थित बालाजी महाराज का मंदिर लगभग 400 साल पुराना है। यहां बड़े बालाजी महाराज का 15 दिवसीय महोत्सव आयोजित किया जाता है। महोत्सव के तहत सतीयारा घाट पर तीन दिवसीय बालाजी मेले का आयोजन किया जा रहा है।
