हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र का मामला
चाईबासा के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र में मागे परब के दौरान हुए युवक हत्याकांड का पुलिस ने त्वरित खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पराय बोदरा उर्फ डुडरू बोदरा (32) और राम गागराई उर्फ बोतलराम गागराई (30) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया है।
तालाब से मिला था शव
15 फरवरी की सुबह परमसाई गांव स्थित जोड़ा तालाब से भुईयाँसाई निवासी बैशाखू ग्वाला का शव बरामद हुआ था। मृतक की पत्नी के बयान पर हत्या और साक्ष्य छिपाने के आरोप में हाटगम्हरिया थाना कांड संख्या 05/26, धारा 103(1)/238/3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
नशे में हुआ विवाद बना हत्या की वजह
पुलिस अधीक्षक चाईबासा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जगन्नाथपुर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जांच में सामने आया कि 14-15 फरवरी की रात मागे परब के दौरान तीनों दोस्तों ने साथ बैठकर हड़िया पी थी।
नशे की हालत में विवाद हुआ और मृतक द्वारा थप्पड़ मारने पर दोनों आरोपित भड़क गए। इसके बाद दोनों ने मिलकर उसकी पिटाई की और गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को तालाब में फेंक दिया गया।
छापामारी दल में थाना प्रभारी उत्तम तिवारी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल थे। मामले की आगे की जांच जारी है।
