नई दिल्ली में शुक्रवार को इंडिया (INDIA) गठबंधन के नेताओं को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने का समय मिला। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित गड़बड़ियों को लेकर विपक्षी नेताओं का प्रतिनिधिमंडल रात 8 बजे राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति से मुलाकात करेगा।
भारत निर्वाचन आयोग के खिलाफ राष्ट्रपति भवन तक मामला
नई दिल्ली में शुक्रवार को विपक्षी गठबंधन इंडिया (INDIA Bloc) ने भारत निर्वाचन आयोग (ECI) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़ी अपनी गंभीर चिंताओं को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने का औपचारिक समय मांगा था। विपक्षी ब्लॉक के अनुरोध को स्वीकार करते हुए राष्ट्रपति भवन ने शुक्रवार रात 8 बजे इस बैठक का समय निर्धारित किया।
विपक्ष मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में हो रही कथित गड़बड़ियों और अनियमिताओं को लेकर लगातार विरोध जता रहा है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कई प्रमुख विपक्षी नेता दिल्ली में लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल प्रमुख नेता और सपा का प्रतिनिधित्व
सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने वाले इंडिया गठबंधन के प्रतिनिधिमंडल में 10 से अधिक सदस्य शामिल हैं। इनमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता तेजस्वी यादव, सीपीएम नेता एम.ए. बेबी और समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय शामिल हैं।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के दिल्ली में मौजूद न होने के कारण उनकी जगह पार्टी सांसद राजीव राय प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा बने। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों के नामों और अंतिम रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए विपक्षी दलों के नेता पहले संसद के सेंट्रल हॉल में एकत्र हुए, जहां से आगे की कार्रवाई तय की गई।
