हजारीबाग के FTC-Skill India Training Centre सभागार में राष्ट्रीय तेली साहू महासंगठन झारखंड की प्रदेश कार्यसमिति की द्वितीय बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत दानवीर भामाशाह और भक्तिशिरोमणि माता कर्मा के चित्र पर पुष्पांजलि और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।
बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष दिलीप कुमार नीलेश ने की, जबकि संचालन प्रदेश महासचिव अरविंद कुमार साव ने किया। मुख्य अतिथि पूर्व कृषि मंत्री योगेन्द्र साव का विभिन्न जिलों से पहुंचे समाज के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने माला, पुष्पगुच्छ और पीला अंगवस्त्र देकर स्वागत किया।
विभिन्न जिलों से पहुंचे पदाधिकारी और कार्यकर्ता
बैठक में रांची, रामगढ़, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, पलामू, गोडा, जमशेदपुर और लोहरदगा समेत झारखंड के विभिन्न जिलों से जिला अध्यक्ष, महासचिव, कार्यकर्ता और समाज के गणमान्य लोग शामिल हुए।
मंचासीन पदाधिकारियों में कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष हरिनाथ साहू, राष्ट्रीय अपर महासचिव डॉ. अजय साव, राष्ट्रीय सचिव नीतू साहू, युवा प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष विकाश कुमार साहू, राजनीतिक प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष मनोज साहू, प्रदेश महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष प्रियंका कुमारी, प्रदेश महामंत्री अरविन्द कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष रामनिलाल साव, महिला प्रकोष्ठ उपाध्यक्ष नीतू साहू और हजारीबाग जिला अध्यक्ष कैलाश साहू सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।
संगठन विस्तार पर जोर
प्रदेश अध्यक्ष दिलीप कुमार निलेश ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में संगठन को मजबूत करने और विस्तार के लिए आवश्यक सुझाव दिए।
कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष हरिनाथ साहू ने संगठन की गतिविधियों की जानकारी देते हुए जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर पर सदस्यता अभियान चलाने तथा सशक्त कमेटियां गठित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय, तेली समाज को जनसंख्या अनुपात में राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित कराना, समाज की एकता, शिक्षा और समाज के शिक्षित बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराना महासंगठन के मुख्य उद्देश्यों में शामिल है।
जाति जनगणना 2027 को लेकर आपत्ति
हरिनाथ साहू ने जाति जनगणना 2027 में ओबीसी कॉलम को हटाए जाने पर आपत्ति जताई। उन्होंने महामहिम राज्यपाल और राज्य सरकार से हस्तक्षेप कर एसटी/एससी की तर्ज पर ओबीसी कॉलम जुड़वाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं होने पर समाज की ओर से आंदोलन किया जाएगा।
राजनीतिक भागीदारी को लेकर योगेन्द्र साहू का बयान
मुख्य अतिथि योगेन्द्र साहू ने कहा कि समाज की एकता ही संगठन की शक्ति है और संगठन की शक्ति विकास की दिशा तय करेगी।
उन्होंने समाज की जनगणना कराने और आबादी के अनुपात में हिस्सेदारी की बात कही। योगेन्द्र साहू ने कहा कि समाज को अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना होगा।
उन्होंने आने वाले पंचायत और विधानसभा चुनाव को लेकर पूरे प्रदेश में जनजागरूकता अभियान चलाने की बात कही। साथ ही रांची के मोराबादी मैदान में ‘तेली गूंज अधिकार रैली’ आयोजित करने का ऐलान किया।
अतिथियों का जताया आभार
कार्यक्रम के अंत में हजारीबाग जिला अध्यक्ष कैलाश साहू और जिला महामंत्री अशोक साहू ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भूमिका रही।
