लातेहार जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल लोध फाल में पर्यटकों की सुरक्षा और 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। बुधवार को एसडीओ सुलेमान मुंडारी, डीएसपी पूजा कुमारी और थाना प्रभारी अमित कुमार रवि दास ने लोध फाल परिसर का संयुक्त निरीक्षण कर कैमरे लगाने हेतु मुख्य स्थान चिन्हित किए।
महुआडांड़: एसडीओ सुलेमान मुंडारी, डीएसपी पूजा कुमारी और थाना प्रभारी अमित कुमार ने किया लोध फाल का निरीक्षण, CCTV लगाने के लिए चिन्हित की गई जगहें
महुआडांड़: पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। महुआडांड़ के प्रसिद्ध लोध फाल में अब सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी।
अधिकारियों ने परिसर का लिया जायजा
बुधवार को एसडीओ सुलेमान मुंडारी, डीएसपी पूजा कुमारी और महुआडांड़ थाना प्रभारी अमित कुमार रवि दास ने संयुक्त रूप से लोध फाल का स्थल निरीक्षण किया। तीनों अधिकारियों ने फाल परिसर के भीतर और आसपास के संवेदनशील स्थानों का बारीकी से जायजा लिया।
इन स्थानों पर लगाए जाएंगे सीसीटीवी कैमरे
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक टीम ने मुख्य प्रवेश द्वार, पार्किंग क्षेत्र और व्यू पॉइंट को सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए चिन्हित किया। अधिकारियों का कहना है कि इन प्रमुख स्थानों पर कैमरे लगने से भीड़ नियंत्रण, दुर्घटनाओं की रोकथाम और किसी भी तरह की आपराधिक घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी।
प्रस्ताव जिला प्रशासन को भेजा गया
एसडीओ सुलेमान मुंडारी ने कहा कि लोध फाल राज्य का प्रमुख पर्यटन स्थल है और यहां आने वाले सैलानियों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। डीएसपी पूजा कुमारी ने बताया कि निरीक्षण के बाद प्रस्ताव तैयार कर जिला प्रशासन को भेज दिया गया है, स्वीकृति मिलते ही कैमरा इंस्टॉलेशन का काम शुरू कर दिया जाएगा। थाना प्रभारी अमित कुमार रवि दास ने कहा कि सीसीटीवी लगने से क्षेत्र में निगरानी और मजबूत होगी तथा अवैध गतिविधियों पर भी रोक लगेगी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन के इस निर्णय का स्वागत किया है।
