छत्तीसगढ़ के रायपुर रेलवे स्टेशन पर खाद्य सुरक्षा विभाग और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की संयुक्त कार्रवाई में 600 किलो संदिग्ध पनीर जब्त किया गया है। अधिकारियों ने बिना बुकिंग अंबिकापुर और भोपाल से अमरकंटक एक्सप्रेस से लाई गई खेप को रोककर कटनी निवासी एक युवक को हिरासत में लिया है।
CG News: रायपुर रेलवे स्टेशन पर 600 किलो संदिग्ध पनीर जब्त, बिना बुकिंग अंबिकापुर भेजने की थी तैयारी
रायपुर: छत्तीसगढ़ में एनालॉग (संदिग्ध/नकली) पनीर पर लगे प्रतिबंध के बावजूद इसकी अवैध तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। रायपुर रेलवे स्टेशन पर खाद्य सुरक्षा विभाग और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की संयुक्त कार्रवाई में पिछले 24 घंटे के भीतर करीब 600 किलो संदिग्ध पनीर जब्त किया गया है।
बिना बुकिंग अंबिकापुर भेजने की थी तैयारी
मिली जानकारी के अनुसार, जब्त की गई कुल मात्रा में से 100 किलो पनीर बिना किसी रेलवे बुकिंग के लिंक एक्सप्रेस के जरिए अंबिकापुर भेजने की तैयारी थी। RPF और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने ऐन मौके पर दबिश देकर इस खेप को पकड़ लिया।
अमरकंटक एक्सप्रेस से पहुंची 500 किलो की खेप
वहीं, भोपाल से अमरकंटक एक्सप्रेस के जरिए रायपुर पहुंची 500 किलो की एक अन्य संदिग्ध खेप को भी अधिकारियों ने रोककर अपने कब्जे में ले लिया। प्लेटफॉर्म पर रखी पेटियों पर न तो कोई बारकोड था और न ही रेलवे का लेबल, जिससे स्टेशन की सुरक्षा और पार्सल व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
आरोपी हिरासत में, चैट और मोबाइल जांच में खुलासे
कार्रवाई के दौरान टीम ने कटनी निवासी प्रांशु राय नाम के युवक को हिरासत में लिया है। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह आशीष जायसवाल नामक व्यक्ति के कहने पर बिना बुकिंग पनीर ट्रेन में चढ़ाने आया था। युवक के मोबाइल की जांच में सौरभ शर्मा और आशीष जायसवाल के साथ पनीर सप्लाई से जुड़ी लंबी बातचीत और चैट रिकॉर्ड मिले हैं। खाद्य विभाग ने जब्त पनीर का सैंपल लेकर लैब जांच के लिए भेज दिया है।
