गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के नगर पंचायत मरवाही में स्थापित भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा में दरारें और रंगत उड़ने की खबर के बाद विवाद गहरा गया है। मामला सामने आते ही बिना किसी तकनीकी जांच के प्रतिमा पर पुट्टी और पॉलिश लगाकर खामियों को छुपाने की कोशिश शुरू कर दी गई है।
मरवाही नगर पंचायत में अटल जी की प्रतिमा पर गहराया विवाद
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के नगर पंचायत मरवाही में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा की गुणवत्ता को लेकर विवाद लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। प्रतिमा में दरारें आने और उसकी रंगत उड़ने का खुलासा होने के बाद, सोमवार को दफ्तर खुलते ही आनन-फानन में उसकी मरम्मत और पॉलिश की लीपापोती शुरू कर दी गई।
दरारें छुपाने के लिए पॉलिश और पुट्टी का इस्तेमाल
हाल ही में सामने आई तस्वीरों में प्रतिमा पर पुट्टी, नई परत और मरम्मत के निशान साफ तौर पर देखे जा सकते हैं। मरवाही नगर पंचायत में स्थापित इस प्रतिमा में चेहरे का रंग उड़ने के साथ-साथ शरीर पर जगह-जगह गंभीर दरारें दिखाई दे रही थीं। घटना के सामने आने के बाद प्रशासनिक स्तर पर बिना किसी तकनीकी जांच के ही इन कमियों को छुपाने का प्रयास शुरू कर दिया गया, जिससे पूरे मामले पर संदेह और गहरा गया है।
लाखों की लागत और प्रतिमा की गुणवत्ता पर उठे गंभीर सवाल
स्थापना के समय इस कथित कांस्य प्रतिमा को कटघोरा की प्रतिमा से बेहतर बताया गया था और इसमें लाखों रुपये खर्च किए गए थे। हालांकि, इतने कम समय में ही प्रतिमा की हालत जर्जर होने से इसकी निर्माण गुणवत्ता और स्थापना प्रक्रिया पर कई सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों द्वारा अब सवाल उठाया जा रहा है कि बिना किसी विशेषज्ञ या तकनीकी जांच के यह मरम्मत क्यों कराई गई और घटिया निर्माण के लिए जिम्मेदार लोगों पर क्या कार्रवाई होगी।
