म्यूजिकल फाउंटेन से जगमगाएगा पतरातू डैम, हर शाम रोशनी और संगीत का मनमोहक संगम

म्यूजिकल फाउंटेन से जगमगाएगा पतरातू डैम, हर शाम रोशनी और संगीत का मनमोहक संगम

रामगढ़: जिले की शान मानी जाने वाली पतरातू घाटी और पतरातू डैम अब पर्यटन के एक नए युग में कदम रखने जा रहे हैं। अपनी प्राकृतिक खूबसूरती के लिए प्रसिद्ध यह इलाका अब आधुनिक पर्यटन आकर्षण के रूप में भी खास पहचान बनाएगा। पतरातू डैम को और आकर्षक बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया म्यूजिकल फाउंटेन अब पूरी तरह बनकर तैयार है।

मंगलवार देर शाम म्यूजिकल फाउंटेन का सफल ट्रायल किया गया। ट्रायल के दौरान जैसे ही संगीत की धुनें गूंजीं, पानी की ऊंची फुहारें रंगीन रोशनी के साथ तालमेल बिठाते हुए आसमान की ओर उठती नजर आईं। पूरा डैम परिसर रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा और वहां मौजूद लोग इस मनमोहक दृश्य को देखकर रोमांचित हो गए।

रांची से रामगढ़ के बीच स्थित पतरातू घाटी पहले से ही पर्यटकों के लिए किसी प्राकृतिक स्वर्ग से कम नहीं मानी जाती। अब घाटी की सुंदर यात्रा के बाद पतरातू डैम पर म्यूजिकल फाउंटेन और लेजर शो पर्यटकों को दिन और रात दोनों समय अलग-अलग अनुभव देने के लिए तैयार है।

दिन में पर्यटक पहाड़ों, जंगलों, शांत झील और साइबेरियन पक्षियों की चहचहाट का आनंद उठा सकेंगे, वहीं शाम होते ही रोशनी, संगीत और लेजर शो का संगम एक नया रोमांच पैदा करेगा। म्यूजिकल फाउंटेन को और भी आकर्षक बनाने के लिए अत्याधुनिक लेजर शो की व्यवस्था की जा रही है, जिसमें पानी की धाराओं पर रंग-बिरंगे दृश्य और थीम आधारित प्रस्तुतियां दिखाई जाएंगी।

उम्मीद जताई जा रही है कि इसी महीने के अंत तक म्यूजिकल फाउंटेन का औपचारिक उद्घाटन कर दिया जाएगा। पर्यटन विभाग और स्थानीय प्रशासन का मानना है कि इस पहल से पतरातू डैम झारखंड के प्रमुख नाइट टूरिज्म डेस्टिनेशन में शामिल हो जाएगा। इससे न सिर्फ पर्यटकों की संख्या में इजाफा होगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। पतरातू घाटी और पतरातू डैम आने वाले समय में झारखंड पर्यटन के चमकते सितारे के रूप में उभरने को तैयार हैं।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *