संसद के बजट सत्र में आज भी हंगामे के पूरे आसार हैं। सत्र की शुरुआत से ही सरकार और विपक्ष के बीच अमेरिका-भारत ट्रेड डील और एसआईआर जैसे मुद्दों पर टकराव बना हुआ है। इसी बीच मंगलवार को बीजेपी की महिला सांसद लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के समर्थन में सामने आईं। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव की चर्चा के दौरान चेयर पर कागज़ फेंकने और सदन के वेल में जाने की कथित घटना को उन्होंने दुर्भाग्यपूर्ण बताया और विपक्षी सांसदों की कड़ी आलोचना की।
बीजेपी महिला सांसदों ने स्पीकर को पत्र लिखकर आरोप लगाया कि 4 फरवरी को विपक्ष की महिला सांसदों ने प्रधानमंत्री की सीट को घेर लिया था और बाद में गुस्से में स्पीकर के चैंबर के पास पहुंच गईं। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम में शामिल सांसदों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की। यह पत्र कांग्रेस की महिला सांसदों द्वारा ओम बिरला को लिखे गए उस पत्र के जवाब में आया है, जिसमें आरोप लगाया गया था कि सत्तारूढ़ दल ने उनके खिलाफ झूठे, बेबुनियाद और मानहानिकारक आरोप लगाए हैं।
कंगना रनौत का बयान:
बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने कहा कि विपक्ष सारी सीमाएं लांघ चुका है और पूरे देश को शर्मसार कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने एक अनधिकृत किताब पेश कर पूरी न्यायपालिका का अपमान किया है। कंगना ने कहा कि पेंगुइन प्रकाशन ने खुद स्पष्ट किया है कि यह किताब अधिकृत नहीं है।
किताब विवाद पर राहुल गांधी:
पूर्व आर्मी चीफ जनरल एमएम नरवणे की अप्रकाशित किताब को लेकर राहुल गांधी ने कहा कि नरवणे ने सोशल मीडिया पर खुद लिखा है कि उनकी किताब उपलब्ध है। ऐसे में या तो नरवणे गलत हैं या पेंगुइन प्रकाशन। उन्होंने कहा कि उन्होंने नरवणे पर भरोसा किया है क्योंकि किताब में सरकार के लिए असहज करने वाली बातें हैं।
बीजेपी का पलटवार:
बीजेपी सांसद संजय जायसवाल ने कहा कि राहुल गांधी को बताना चाहिए कि उन्हें वह किताब कहां से मिली, क्योंकि प्रकाशक का दावा है कि किताब कभी छपी ही नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी का उद्देश्य देश के विकास के बजाय साजिश करना है।
मनोज झा का बयान:
आरजेडी सांसद मनोज झा ने कहा कि उन्होंने किताब पढ़ी है और डिजिटल माध्यमों में यह उपलब्ध है। उन्होंने पेंगुइन प्रकाशन के सर्कुलर पर नाराज़गी जताई।
लोकसभा स्थगित:
विपक्ष के हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
कार्यवाही शुरू:
लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू हुई।
रिजिजू का बयान:
संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि कांग्रेस सांसदों ने मर्यादा लांघते हुए प्रधानमंत्री की सीट के आसपास पहुंचकर ट्रेजरी बेंच को घेर लिया और बाद में स्पीकर के चैंबर तक गए। इस व्यवहार से बीजेपी की महिला सांसद बेहद आक्रोशित थीं।
बिहार सांसदों का प्रदर्शन:
बिहार में कानून-व्यवस्था के मुद्दे को लेकर सांसदों ने संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया।
विपक्ष की बैठक:
सत्र से पहले विपक्षी दलों के नेताओं ने मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यालय में बैठक की, जिसमें राहुल गांधी समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
सपा का रुख:
सपा सांसद राम गोपाल यादव ने कहा कि अगर लोकसभा स्पीकर के खिलाफ नो-कॉन्फिडेंस मोशन लाया जाता है, तो उनकी पार्टी उसका समर्थन करेगी।
सुखदेव भगत का आरोप:
कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि विपक्ष की आपराधिक छवि गढ़ी जा रही है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को महिला सांसदों के लिए अपमानजनक बताया।
प्रमोद तिवारी का बयान:
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि संविधान के तहत स्पीकर के खिलाफ कॉन्फिडेंस मोशन लाया जा सकता है, लेकिन कोशिश होनी चाहिए कि ऐसी स्थिति न बने।
