रायपुर: सूने मकान से 60 लाख की चोरी का खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर आमानाका पुलिस की हिरासत में 60 लाख की चोरी के दो आरोपी और बरामद जेवरात

रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र स्थित सरोना के अरिहंत कॉम्प्लेक्स में एक सूने मकान का ताला तोड़कर हुई 60 लाख रुपये की चोरी की गुत्थी को रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने 48 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और आमानाका पुलिस की संयुक्त टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर शत-प्रतिशत मशरूका बरामद कर लिया है।

रायपुर आमानाका में 60 लाख की बड़ी चोरी का खुलासा

राजधानी रायपुर के आमानाका थाना अंतर्गत सरोना स्थित अरिहंत कॉम्प्लेक्स में हुई 60 लाख रुपये की बड़ी चोरी का रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने महज 48 घंटे में पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात और नगदी रकम समेत 60 लाख रुपये का शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

परिवार के बाहर जाते ही बनाया था मकान को निशाना

पीड़ित रविकांत गुप्ता ने आमानाका थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि वे 28 जुलाई 2026 को अपने मकान में ताला लगाकर परिवार के साथ बाहर गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़ा और अंदर रखी आलमारी का लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नगदी समेटकर फरार हो गए।

घटना की सूचना पर आमानाका पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

हजारों CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से पकड़े गए आरोपी

पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) रॉबिन्सन गुरिया की निगरानी में गठित विशेष टीम ने घटनास्थल और आसपास के हजारों सीसीटीवी फुटेज खंगाले।

हाल ही में जेल से छूटे पूर्व आरोपियों की गतिविधियों पर भी नजर रखी गई। सीसीटीवी और मुखबिरों से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने संदेही करण तांडी उर्फ केडे और लक्ष्मी नारायण गोस्वामी उर्फ मोंटी को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ के बाद दोनों ने चोरी की बात कबूल कर ली, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर पूरी संपत्ति बरामद की गई।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *