प्रयागराज के केपी ग्राउंड में शनिवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पूर्व भारी संख्या में छात्र-छात्राएं और प्रतियोगी परीक्षार्थी एकत्र हुए। राहुल गांधी के आगमन से पहले इंतजार कर रहे छात्रों के मनोरंजन के लिए मुंबई से आए रैपरों की विशेष व्यवस्था की गई, ताकि माहौल ऊर्जावान बना रहे।
प्रयागराज में राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर केपी ग्राउंड में उत्साह
प्रयागराज स्थित केपी ग्राउंड में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर युवाओं में भारी उत्साह देखा गया। राहुल गांधी के शाम साढ़े छह बजे तक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने की संभावना जताई गई।
इंतजार के दौरान पहुंचे छात्र-छात्राओं को बोरियत न हो, इसके लिए आयोजकों ने मनोरंजन की पूरी व्यवस्था की। कार्यक्रम में मुंबई से बुलाए गए रैपरों ने अपनी प्रस्तुतियों से ग्राउंड में मौजूद युवाओं का मनोरंजन किया।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्रों ने उठाई समस्याएं
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचीं इलाहाबाद विश्वविद्यालय में बी.कॉम प्रथम वर्ष की छात्रा श्लेषा यादव ने विश्वविद्यालय के छात्रावासों में व्याप्त विभिन्न समस्याओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें अवसर मिला तो वह सीधे राहुल गांधी के समक्ष इन मुद्दों को रखेंगी।
केपी ग्राउंड में जलभराव और कीचड़ की स्थिति होने के बावजूद बड़ी संख्या में छात्र और प्रतियोगी परीक्षार्थी राहुल गांधी को सुनने पहुंचे।
सेवादल कार्यकर्ता तैनात, ई20 पेट्रोल के खिलाफ बांटे गए पर्चे
आयोजन को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए कांग्रेस की इकाई सेवादल के लगभग 150 कार्यकर्ता ग्राउंड में मौजूद रहे।
इसी दौरान कार्यक्रम स्थल पर लोगों के बीच ‘मुहिम ई20 मिलावटी पेट्रोल’ शीर्षक वाले पर्चे भी वितरित किए गए। इन पर्चों में ‘एथनॉल पेट्रोल’ को धोखा करार दिया गया था।
