रामगढ़ के भुरकुंडा में अवैध मिनी हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़, दंपती गिरफ्तार

रामगढ़ के भुरकुंडा में पुलिस द्वारा पकड़ी गई अवैध मिनी हथियार फैक्ट्री से बरामद सामान

रामगढ़ जिले के भुरकुंडा ओपी क्षेत्र में रामगढ़ और हजारीबाग पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध मिनी हथियार निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। ए.के. कोलियरी, दत्तो स्थित एक मकान से फैक्ट्री संचालित कर रहे दंपती को गिरफ्तार किया गया है। मौके से अर्धनिर्मित हथियार, मशीनें और बड़ी मात्रा में पुर्जे बरामद किए गए।

रामगढ़ के भुरकुंडा में अवैध मिनी हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़, दंपती गिरफ्तार

रामगढ़ जिले के भुरकुंडा ओपी क्षेत्र में अवैध हथियार निर्माण और तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रामगढ़ और हजारीबाग जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर ए.के. कोलियरी, दत्तो स्थित एक मकान में छापेमारी कर अवैध मिनी हथियार निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री संचालित कर रहे एक दंपती को गिरफ्तार किया गया।

संयुक्त छापेमारी में मिली बड़ी सफलता

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में अर्धनिर्मित हथियार, हथियार बनाने में प्रयुक्त मशीनें, कल-पुर्जे और अन्य उपकरण बरामद किए गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश विश्वकर्मा (करीब 45 वर्ष) और उनकी पत्नी नूतन देवी (करीब 38 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों वर्तमान में भुरकुंडा के ए.के. कोलियरी, दत्तो में रह रहे थे, जबकि उनका स्थायी पता वारसलीगंज, जिला नवादा (बिहार) है।

अपराधियों तक हथियार पहुंचाने का आरोप

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ और अनुसंधान में सामने आया है कि दंपती कुछ समय से गुप्त रूप से इस मिनी फैक्ट्री का संचालन कर रहे थे। यहां तैयार किए गए अवैध हथियारों की आपूर्ति स्थानीय और बाहरी अपराधियों तक किए जाने की बात भी जांच में सामने आई है।

आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज

मामले में पतरातू (भुरकुंडा ओपी) थाना कांड संख्या 165/26, दिनांक 08.07.2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)A, 25(1A), 26 एवं 35 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

एसआईटी करेगी नेटवर्क की जांच

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हथियार खरीदने वालों और कच्चा माल उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क की पहचान करने के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ), पतरातू के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। टीम मामले की गहन जांच कर रही है।

छापेमारी में बरामद सामान

प्रतिबंधित हथियार एवं कल-पुर्जे

  • 7.65 एमएम की अर्धनिर्मित पिस्टल बॉडी – 03
  • मैगजीन – 09
  • फायरिंग पिन – 06
  • बॉडी लॉक पिन – 03
  • कॉक पिन – 03
  • ट्रिगर – 03
  • मैगजीन लॉक पिन – 03
  • स्प्रिंग – 04
  • हरे रंग के बट कवर – 04
  • मटमैले रंग के बट कवर – 02
  • पिस्टल बनाने का ढांचा – 01

मशीनरी एवं अन्य उपकरण

  • ड्रिल मशीन – 01
  • गैस कटर मशीन – 01
  • वेल्डिंग मशीन – 01
  • रेलवे पटरी के टुकड़े – 02
  • लोहे का चिमटा – 02
  • टूल बॉक्स – 01
  • हेक्सा ब्लेड – 01
  • हथौड़े – 02
  • लोहे के चदरे – 02
  • रेंच (छोटा एवं बड़ा) – 03
  • भट्ठी – 01
  • मोबाइल फोन – 02 (एक कीपैड, एक एंड्रॉयड)
  • एक्टिवा 5G स्कूटी (पंजीयन संख्या JH24F-3458) – 01
Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *