रांची: डूरंड कप से पहले मोरहाबादी और हरमू चौक पर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान

रांची के मोरहाबादी और हरमू चौक पर डूरंड कप की तैयारियों को लेकर अतिक्रमण हटाती नगर निगम टीम।

रांची: रांची नगर निगम (RMC) ने आगामी डूरंड कप फुटबॉल टूर्नामेंट की तैयारियों के तहत सोमवार को मोरहाबादी और हरमू चौक पर बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अपर नगर आयुक्त संजय कुमार की मौजूदगी में निगम की टीम ने अवैध निर्माणों, होर्डिंग्स और ठेला-खोमचों को हटाकर सरकारी भूमि को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराया।

डूरंड कप की तैयारियों को लेकर रांची नगर निगम सख्त

रांची नगर निगम (RMC) ने शहर को सुव्यवस्थित, सुंदर और यातायात को सुगम बनाने के उद्देश्य से सोमवार को बड़े पैमाने पर कार्रवाई की। आगामी प्रतिष्ठित ‘डूरंड कप’ फुटबॉल टूर्नामेंट के स्वच्छ एवं भव्य आयोजन को देखते हुए निगम प्रशासन ने मोरहाबादी और हरमू चौक क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।

भगवान बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम के आसपास से हटा अतिक्रमण

भगवान बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, मोरहाबादी में डूरंड कप के मैचों के दौरान आने वाले खेल प्रेमियों और दर्शकों की भारी भीड़ को ध्यान में रखा गया है। इसके तहत होटल पार्क प्राइम से लेकर वेंडिंग जोन-2 के मोड़ तक की सरकारी जमीन को पूरी तरह से खाली कराया गया। इस जमीन को अस्थाई पार्किंग स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।

अवैध निर्माणों और प्ले स्कूल के कब्जे पर चला बुलडोजर

अपर नगर आयुक्त संजय कुमार की उपस्थिति में इंफोर्समेंट टीम ने कार्रवाई करते हुए लगभग छह अस्थाई ढांचों, बैरिकेडिंग, अवैध होर्डिंग्स, विज्ञापन बोर्डों और ठेला-खोमचों को हटाया। इसके अतिरिक्त एक निजी प्ले स्कूल द्वारा सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को भी हटाया गया, जिसमें अवैध टाइल्स फ्लोरिंग को तोड़ा गया और झाड़ियों की सफाई कराई गई।

आयोजन संपन्न होने तक क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त रखने के निर्देश

कार्रवाई के दौरान अपर नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि डूरंड कप का आयोजन पूरा होने तक पूरे मोरहाबादी क्षेत्र को पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त रखा जाए, ताकि यातायात व्यवस्था में कोई बाधा न आए।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *