रांची में गैस सिलेंडर की किल्लत और होम डिलीवरी समस्या के बीच डीसी मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश के बाद मंगलवार को 8 एजेंसियों ने 43 रूट जारी किए। इन रूटों पर शहर के विभिन्न इलाकों में गैस वितरण शुरू किया गया है, हालांकि लंबित बुकिंग अभी भी चुनौती बनी हुई है।
रांची में गैस होम डिलीवरी को लेकर प्रशासन सख्त
रांची में रसोई गैस की कमी और होम डिलीवरी में आ रही परेशानियों को देखते हुए प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। डीसी मंजूनाथ भजंत्री और गैस कंपनियों के साथ हुई बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया गया कि हर हाल में उपभोक्ताओं तक गैस की होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए।
इन निर्देशों के बाद एजेंसियों ने वितरण व्यवस्था को सुधारने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए विभिन्न क्षेत्रों के रूट तय कर दिए गए हैं।
8 एजेंसियों ने 43 रूट किए निर्धारित
मंगलवार को रांची की 8 गैस एजेंसियों ने गैस सिलेंडर वितरण के लिए कुल 43 रूट जारी किए हैं। इन रूटों के माध्यम से शहर के अलग-अलग इलाकों में आपूर्ति की जा रही है।
इंद्रप्रस्थ गैस एजेंसी के प्रतिनिधि रवि भट्ट के अनुसार, अमरावती कॉलोनी, कृष्णापुरी, द्वारकापुरी और चुटिया क्षेत्र में गैस सिलेंडर पहुंचाए जाएंगे।
इन इलाकों में होगी गैस सप्लाई
शांतनु गैस एजेंसी
कांटाटोली, पीस रोड, खटंगा, डुमरदगा, बूटी बस्ती, बीआईटी और विकास क्षेत्र
प्रताप गैस एजेंसी
इटकी रोड, अरगोड़ा, कटहल मोड़, दलादली और ललगुटुवा
जयंत गैस एजेंसी
लालपुर, लोहरा कोचा, पथलकुदुवा, पीस रोड, कुम्हार टोली और इस्लाम नगर
माधुरी गैस एजेंसी
रातू, कमड़े, फ्रेंड कॉलोनी, रवि स्टील, रातू चट्टी और सिमलिया
अदिति गैस एजेंसी
कोकर चूना भट्ठा, बैंक कॉलोनी, डिपाटोली, शिवशक्ति नगर, तिरिल और खोरहाटोली
एसके गैस एजेंसी
बरियातू रोड के विभिन्न इलाके, मोरहाबादी, हरिहर सिंह रोड और चिरौंदी
इंडेन गैस एजेंसी
करमटोली, लोअर वर्दवान कंपाउंड, एदलहातू, मोरहाबादी, रेडियम रोड, डिप्टी पाड़ा, डंगरा टोली, किशोरगंज और हरमू रोड
बैकलॉग खत्म करना अब भी चुनौती
हालांकि व्यवस्था में सुधार की शुरुआत हो चुकी है, लेकिन लंबित बुकिंग अभी भी बड़ी समस्या बनी हुई है। कंपनी सूत्रों के अनुसार, रांची में इंडेन गैस का लगभग 65 हजार बैकलॉग मौजूद है।
गैस कंपनियां पहले से बुकिंग कर चुके उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दे रही हैं। इसके कारण नई बुकिंग करने वाले उपभोक्ताओं को कुछ समय इंतजार करना पड़ सकता है। जिन क्षेत्रों में बैकलॉग अधिक है, वहां डीएसी नंबर मिलने में 1 से 2 दिन की देरी हो रही है।
कुछ एजेंसियों की स्थिति अब भी अस्पष्ट
गैस वितरण व्यवस्था पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाई है। कई एजेंसियों से संपर्क करने के बावजूद उनके रूट और वितरण स्थल को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी।
इन एजेंसियों में देवी गैस, उरांव गैस, आनंद गैस और वैष्णवी गैस एजेंसी शामिल हैं। इसके अलावा इंडेन से जुड़ी 4 से 5 एजेंसियां अब भी नियमों का पूरी तरह पालन नहीं कर रही हैं, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है।
