आजकल बेहतर रंगत और आकर्षक लुक के लिए लोग तरह-तरह के कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स का सहारा लेते हैं। खासतौर पर महिलाएं अपनी खूबसूरती निखारने के लिए ब्यूटी प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करती हैं, वहीं पुरुष भी अपनी पर्सनैलिटी को बेहतर बनाने के लिए इनका उपयोग करते हैं। कुछ लोग घरेलू उपाय अपनाते हैं, तो कुछ सैलून और ब्यूटी पार्लर का रुख करते हैं। लेकिन रिसर्चर्स का कहना है कि अगर आप बिना महंगे ट्रीटमेंट के नैचुरली खूबसूरती बढ़ाना चाहते हैं, तो अपनी डाइट में विटामिन C से भरपूर चीजें शामिल करना बेहद फायदेमंद हो सकता है।
त्वचा हमारे शरीर की प्राकृतिक सुरक्षा परत है, जो रोजाना प्रदूषण, तेज धूप और हवा के संपर्क में आकर प्रभावित होती है। त्वचा को स्वस्थ बनाए रखने में कोलेजन अहम भूमिका निभाता है। यह स्किन की इलास्टिसिटी, नमी और कसाव को बनाए रखता है, झुर्रियों को कम करता है और त्वचा की प्राकृतिक मरम्मत क्षमता को बढ़ाता है। इसके अलावा, यह सूरज की किरणों से होने वाले नुकसान को भी कम करता है।
वैज्ञानिकों के अनुसार, शरीर में विटामिन C का सही स्तर बनाए रखना बहुत जरूरी है, क्योंकि हमारा शरीर इस विटामिन को लंबे समय तक स्टोर नहीं कर पाता। स्वस्थ व्यक्ति को रोजाना लगभग 250 मिलीग्राम विटामिन C का सेवन करना चाहिए। ताजे फल, हरी सब्जियां, बेरी, शिमला मिर्च और ब्रोकली इसके बेहतरीन स्रोत हैं।
त्वचा के लिए विटामिन C के फायदे
विटामिन C त्वचा की सेहत के लिए बेहद जरूरी माना जाता है, यही वजह है कि इसका इस्तेमाल कई स्किनकेयर प्रोडक्ट्स में किया जाता है। हालांकि, एक्सपर्ट्स का मानना है कि कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स के बजाय भोजन के जरिए विटामिन C लेने से ज्यादा बेहतर परिणाम मिल सकते हैं। जब विटामिन C डाइट के जरिए शरीर में जाता है, तो यह खून में घुलकर त्वचा की हर परत तक पहुंचता है। इससे कोलेजन का निर्माण बढ़ता है, त्वचा ज्यादा टाइट और मजबूत बनती है और स्किन के पतले होने की समस्या भी कम हो सकती है।
हार्वर्ड हेल्थ पब्लिशिंग की एक रिपोर्ट के अनुसार, विटामिन C त्वचा में पिगमेंट के उत्पादन को नियंत्रित कर डार्क स्पॉट्स को हल्का करने में भी मदद करता है।
रिसर्च में क्या सामने आया
विटामिन C कोलेजन के निर्माण के लिए जरूरी एंजाइम्स को सक्रिय करता है, जिससे त्वचा की संरचना मजबूत होती है। हालांकि, यह पानी में आसानी से घुल जाता है और त्वचा की ऊपरी परत में सीधे पहुंचना थोड़ा मुश्किल होता है। इसी वजह से वैज्ञानिकों ने यह समझने के लिए रिसर्च की कि डाइट के जरिए लिया गया विटामिन C स्किन पर कैसे असर डालता है।
न्यूजीलैंड की ओटागो यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों ने 24 स्वस्थ लोगों पर एक स्टडी की। प्रतिभागियों को रोजाना विटामिन C से भरपूर दो कीवी फल दिए गए, जो करीब 250 माइक्रोग्राम विटामिन C के बराबर थे। यह अध्ययन 8 हफ्तों तक चला। इस दौरान शोधकर्ताओं ने स्किन की मोटाई, इलास्टिसिटी, अल्ट्रावॉयलेट किरणों से बचाव की क्षमता और स्किन की ऊपरी परत में सेल रीजेनरेशन जैसे पहलुओं का अध्ययन किया।
स्टडी में पाया गया कि खून और त्वचा में विटामिन C के स्तर के बीच सीधा संबंध है। विटामिन C से भरपूर भोजन लेने से न सिर्फ खून में, बल्कि त्वचा में भी इसका स्तर बढ़ता है। इससे कोलेजन का उत्पादन बढ़ता है और त्वचा को लंबे समय तक जवान बनाए रखने में मदद मिलती है।
वैज्ञानिकों ने यह भी पाया कि त्वचा की सभी परतों तक विटामिन C पहुंचता है और स्किन सेल्स खून से इस विटामिन को बहुत प्रभावी तरीके से अवशोषित करती हैं।
