सोमवार को कोरबा जिले के कटघोरा स्थित सेनानी पेट्रोल पंप के पास यात्रियों से भरी यादव बस और बोलेरो में आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों के कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें आधा दर्जन से अधिक यात्री गंभीर हैं। सभी घायलों को कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
कोरबा के कटघोरा में सड़क हादसा, बस और बोलेरो की आमने-सामने टक्कर
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सेनानी पेट्रोल पंप के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना घटी। बिलासपुर से कोरबा की ओर आ रही यात्रियों से भरी यादव बस और सामने से आ रही बोलेरो गाड़ी के बीच भीषण टक्कर हो गई। टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों ने की मदद, घायलों को पहुंचाया अस्पताल
हादसे के तुरंत बाद राहगीरों और स्थानीय निवासियों ने बचाव कार्य शुरू किया और वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाला। जानकारी के अनुसार, बस में लगभग 30 से 35 यात्री सवार थे, जिनमें से आधा दर्जन से अधिक लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं बोलेरो में सवार चार लोगों में से दो की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
सड़क किनारे खड़े ट्रकों को बताया जा रहा हादसे का कारण
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े ट्रकों के कारण वाहनों को पर्याप्त साइड नहीं मिल सकी, जिससे यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे की वजह से मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। पुलिस और प्रशासन की टीम ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर आवागमन बहाल कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
