छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के भोथिया तहसील कार्यालय के सामने आमापाली निवासी संतोष पटेल ने अपने दो बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र तीन साल से जारी न होने पर परिवार संग अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है। कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत के बावजूद समाधान न मिलने से आधार कार्ड, स्कूल प्रवेश व सरकारी योजनाएं प्रभावित हो रही हैं।
तीन साल से जन्म प्रमाण पत्र के लिए भटक रहा परिवार
छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में जन्म प्रमाण पत्र न बनने से परेशान होकर एक पिता ने अपने परिवार के साथ अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है। मामला भोथिया तहसील कार्यालय परिसर का है, जहां ग्राम आमापाली निवासी संतोष पटेल ने प्रशासनिक उपेक्षा का आरोप लगाते हुए धरना दिया है।
संतोष पटेल के अनुसार, उन्होंने अपने दो बच्चों—गुड़विंदन पटेल (जन्म तिथि 12 अक्टूबर 2021) और दुर्गा पटेल (जन्म तिथि 15 नवंबर 2022)—के जन्म पंजीयन एवं प्रमाण पत्र के लिए आवश्यक दस्तावेजों के साथ लगभग तीन वर्ष पूर्व ग्राम पंचायत आमापाली में आवेदन जमा किया था। हालांकि, लंबी अवधि बीत जाने के बाद भी अब तक दस्तावेज जारी नहीं किए गए हैं।
कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत के बाद भी समाधान नहीं
पीड़ित संतोष पटेल ने बताया कि उन्होंने पूर्व में इस समस्या के निवारण के लिए कलेक्टर जनदर्शन में भी आवेदन प्रस्तुत किया था। प्रशासनिक अधिकारियों को लगातार अवगत कराने के उपरांत भी जन्म प्रमाण पत्र जारी करने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
जन्म प्रमाण पत्र उपलब्ध न होने के कारण दोनों बच्चों के आधार कार्ड बनवाने, विद्यालय में प्रवेश कराने तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने जैसे महत्वपूर्ण कार्य पूरी तरह से ठप पड़े हैं। तीन वर्षों की निरंतर दौड़भाग और शिकायतों का परिणाम न निकलने पर अंततः पीड़ित पिता को परिजनों के साथ भोथिया तहसील कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
