मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ औद्योगिक विकास के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य में पारदर्शी नीतियों और अनुकूल निवेश माहौल के कारण बीते ढाई वर्षों में 8.22 लाख करोड़ रुपये के रिकॉर्ड निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनसे लाखों रोजगार सृजित होने की संभावना है।
विजन 2047 के तहत छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास और निवेश को नई रफ्तार
छत्तीसगढ़ राज्य आज औद्योगिक विकास के एक नए दौर से गुजर रहा है। प्रदेश सरकार का उद्देश्य केवल नए उद्योग स्थापित करना नहीं, बल्कि रोजगार, आधुनिक तकनीक, निवेश और क्षेत्रीय संतुलन के माध्यम से राज्य को आत्मनिर्भर बनाना है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन के मार्गदर्शन में निवेशकों के लिए पारदर्शी और सुगम वातावरण तैयार किया गया है।
नवा रायपुर टेक्सटाइल पार्क में रोजगार के नए अवसर
राज्य में टेक्सटाइल और गारमेंट उद्योग को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन तथा आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने 25 जून 2026 को नवा रायपुर स्थित टेक्सटाइल पार्क की पहली यूनिट का भूमिपूजन किया।
तमिलनाडु की स्विफ्ट टेक्सटाइल्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 235 करोड़ रुपये के निवेश से यह गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित की जा रही है। इस परियोजना से 4,650 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। भारत मंथन लाइव न्यूज के अनुसार, नवा रायपुर के 81 एकड़ क्षेत्र में फैले इस आधुनिक टेक्सटाइल पार्क में वस्त्र, परिधान और तकनीकी वस्त्र उद्योगों के लिए 2,758 वर्गमीटर से लेकर 38,180 वर्गमीटर तक के औद्योगिक भूखंड उपलब्ध कराए गए हैं।
रिकॉर्ड निवेश प्रस्तावों से बढ़ा प्रदेश में रोजगार
जनसंपर्क विभाग के संयुक्त संचालक छगन लाल लोन्हारे के अनुसार बीते ढाई वर्षों में राज्य को 264 औद्योगिक परियोजनाओं के माध्यम से लगभग 8.22 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इन परियोजनाओं से प्रदेश में 1.72 लाख से अधिक रोजगार सृजन की संभावना है।
प्राप्त प्रस्तावों में से 154 परियोजनाएं निर्माण, भूमि आवंटन या उत्पादन के चरण में पहुंच चुकी हैं। इसी अवधि के दौरान प्रदेश में 3,009 नई औद्योगिक इकाइयां स्थापित हो चुकी हैं, जिन्होंने 50,807 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार प्रदान किया है।
