असम, पुडुचेरी और बंगाल में एनडीए की प्रचंड जीत के बाद गिरिडीह में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया। महानगर अध्यक्ष रंजीत राय के नेतृत्व में विजय जुलूस निकाला गया और आतिशबाजी की गई।
गिरिडीह में भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह
बंगाल, असम और पुडुचेरी में एनडीए को मिली प्रचंड जीत के बाद बीजेपी मुख्यालयों में जीत का जश्न मनाया जा रहा है। झारखंड में भी विभिन्न जिलों में बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच खुशी की लहर दौड़ पड़ी है। कहीं मिठाइयां बांटी जा रही हैं तो कहीं कार्यकर्ताओं की टोली एक-दूसरे को झालमुड़ी खिलाकर जीत का जश्न मना रही है।
गिरिडीह में महानगर अध्यक्ष रंजीत राय के नेतृत्व में विजय जुलूस निकाला गया। इस दौरान विजय जुलूस में भाजपा कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा और वे एक-दूसरे को गुलाल लगाकर जीत की बधाई दे रहे हैं। कार्यकर्ताओं में सबसे अधिक उत्साह बंगाल में मिली प्रचंड जीत का देखने को मिल रहा है।
विजय जुलूस और आतिशबाजी
झंडा मैदान से निकलकर विजय जुलूस शहर के कई हिस्सों से गुजरा। इस दौरान जमकर आतिशबाजी का दौर चला और मिठाइयां बांटी गईं।
विजय जुलूस टावर चौक के बाद पद्म चौक और मुस्लिम बाजार होते हुए बड़ा चौक पहुंचा, जहां जमकर आतिशबाजी की गई। नेता और कार्यकर्ता इस दौरान जमकर झूमे और एक-दूसरे को बधाई दी।
कार्यक्रम में शामिल नेता और कार्यकर्ता
विजय जुलूस में संदीप डंगाइच, दिलीप वर्मा, सुरेश साहू, विनीता कुमारी, अरविंद बरनवाल, रंजीत बरनवाल, दिनेश यादव, चुन्नुकांत, हरमिंदर सिंह बग्गा, मुकेश जालान, सुनीत सिंह, संजीत सिंह पप्पू, रितेश सिन्हा, मनोज संघाई, विवेश जलान समेत कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
