छत्तीसगढ़ सरकार के संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय ने ‘मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026’ के तहत पात्र लोक कलाकारों से प्रविष्टियां आमंत्रित की हैं। इस योजना का उद्देश्य राज्य की लोक कला का संरक्षण करना है। योजना के तहत चयनित पात्र कलाकारों को प्रतिवर्ष 24,000 रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी। आवेदन की अंतिम तिथि 31 अगस्त है।
छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक कला और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा स्थानीय कलाकारों को आर्थिक संबल प्रदान करने के लिए संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय ने ‘मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026’ की शुरुआत की है। इस योजना के माध्यम से राज्य के पारंपरिक कला दलों और कलाकारों को अपनी प्रतिभा आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा।
इन क्षेत्रों के कलाकार कर सकेंगे आवेदन योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ की विभिन्न विधाओं से जुड़े कलाकार आवेदन कर सकते हैं। इनमें नृत्य-संगीत, लोक नाट्य, लोकगाथा, छत्तीसगढ़ी गीतकार एवं वाद्ययंत्र वादक जैसी प्रदर्शनकारी कलाएं शामिल हैं। इसके अलावा पारंपरिक शिल्प कलाकार, छत्तीसगढ़ी पाक कला के पारंपरिक व्यंजन विशेषज्ञ और छत्तीसगढ़ी सौंदर्यकला के पारंपरिक श्रृंगार कलाकार भी इसके पात्र होंगे।
प्रोत्साहन राशि और पात्रता की शर्तें योजना के तहत चयनित कलाकारों को न्यूनतम 12,000 रुपये से लेकर अधिकतम 24,000 रुपये तक की वार्षिक प्रोत्साहन राशि सीधे उनके बैंक खाते में ई-पेमेंट के माध्यम से भेजी जाएगी। योजना का लाभ उन्हीं कलाकारों को मिलेगा जिनकी कुल वार्षिक आय 96,000 रुपये से अधिक नहीं है, जिसके लिए सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी आय प्रमाण-पत्र अनिवार्य है। साथ ही कलाकारों का विभाग के ‘चिन्हारी पोर्टल’ में पंजीयन होना आवश्यक है।
आवेदन प्रक्रिया और अंतिम तिथि आवेदन के लिए कलाकारों को आय प्रमाण-पत्र, बैंक पासबुक विवरण, आईएफएससी कोड और पैन कार्ड की स्व-प्रमाणित छायाप्रति संलग्न करनी होगी। इच्छुक कलाकार संस्कृति विभाग की आधिकारिक वेबसाइट या नया रायपुर स्थित संचालनालय कार्यालय से आवेदन प्रपत्र प्राप्त कर सकते हैं। भरा हुआ आवेदन पत्र पंजीकृत डाक के माध्यम से ‘संचालक, संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल, व्यावसायिक परिसर, द्वितीय तल, सेक्टर-27, नया रायपुर, अटल नगर (छत्तीसगढ़) – 492018’ के पते पर 31 अगस्त तक भेजना होगा।
