मध्य प्रदेश के भिंड जिले में गोहद नगर पालिका क्षेत्र के बरथरा रोड पर भीषण जलभराव की समस्या को लेकर कांग्रेस नगर अध्यक्ष पिंकी उचाडिया सड़क पर जल सत्याग्रह पर बैठ गए। मूसलाधार बारिश में करीब 7 घंटे तक पानी में बैठकर विरोध जताने के बावजूद नगर पालिका सीएमओ और अध्यक्ष मौके पर नहीं पहुंचे।
गोहद में बारिश से जलभराव, सड़क पर उतरे कांग्रेसी
मध्य प्रदेश के गोहद शहर में बरथरा रोड पर जलभराव की गंभीर समस्या के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। बारिश के बीच नालियां जाम होने और पानी की निकासी न होने से त्रस्त कांग्रेस नगर अध्यक्ष पिंकी उचाडिया बीच सड़क पर पानी में ही धरने पर बैठ गए।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि हर बारिश के मौसम में बरथरा रोड पर घुटने तक पानी भर जाता है। इससे राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
7 घंटे पानी में बैठकर विरोध, अधिकारी रहे नदारद
पिंकी उचाडिया लगातार 6 से 7 घंटे तक मूसलाधार बारिश में भीगते हुए सड़क के जमा पानी में डटे रहे। इसके बावजूद नगर पालिका प्रशासन की ओर से कोई भी जिम्मेदार अधिकारी स्थिति का जायजा लेने नहीं पहुंचा।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कई बार लिखित शिकायतें देने के बाद भी नगर पालिका सीएमओ सोनू परिहार और नगर पालिका अध्यक्ष मंजू जगदीश माहौर ने समस्या की कोई सुध नहीं ली।
प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, जनता में आक्रोश
प्रशासनिक उपेक्षा से स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि नगर पालिका की लापरवाही के कारण पूरा इलाका जलमग्न हो चुका है और नागरिकों को नरकीय स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।
इस घटना के बाद से नगर पालिका गोहद की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
