नई दिल्ली: शुभम शेखर। राजधानी दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में मंगलवार दोपहर बदमाशों ने कूचा महाजनी से चांदी की डिलीवरी देने निकले एक कर्मचारी पर हमला कर करीब एक करोड़ रुपये कीमत के चांदी के सामान से भरा बैग लूट लिया। जहांगीरपुरी थाना परिसर के सामने दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया।
थाने के सामने कर्मचारी पर लोहे की रॉड से हमला
दिल्ली के जहांगीरपुरी थाना परिसर के सामने मंगलवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। कूचा महाजनी से चांदी के सामान की डिलीवरी देने निकले एक कर्मचारी को दो मोटरसाइकिलों पर आए चार बदमाशों ने रोक लिया।
आरोप है कि बदमाशों ने कर्मचारी के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया और चांदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।
पुलिस कर रही मामले का सत्यापन और जांच
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना की जानकारी मिलने के बाद मामले से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है। वारदात के संबंध में कोई पीसीआर कॉल नहीं मिली है, जिसके चलते पुलिस पीड़ित कर्मचारी से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की पुष्टि कर रही है।
जांच टीम यह भी पता लगा रही है कि लूटे गए बैग में वास्तव में कितना चांदी का सामान था। करीब एक करोड़ रुपये मूल्य की चांदी की लूट के दावे का सत्यापन किया जा रहा है।
सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों की तलाश शुरू
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। फुटेज के माध्यम से आरोपियों की पहचान करने और वारदात के बाद उनके भागने के रूट का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
वारदात के बाद सर्राफा कारोबारियों में चिंता का माहौल है। कूचा महाजनी ज्वेलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेश सिंघल ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है और कारोबारियों से सामान की आवाजाही के दौरान सतर्कता बरतने की अपील की है।
