केरल के कोल्लम में शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के काफिले के सामने यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाकर विरोध प्रदर्शन किया। यह घटना तब हुई जब शाह राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता महासंघ (NCCF) के कार्यक्रम के लिए कुंदरा जा रहे थे। भारी पुलिस बल के बावजूद प्रदर्शनकारियों के काफिले के पास पहुंचने से सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
कोल्लम: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की शनिवार को केरल के कोल्लम यात्रा के दौरान सुरक्षा में बड़ी चूक का मामला सामने आया है। आश्रमम मैदान में हेलीकॉप्टर से उतरने के बाद जब उनका काफिला कुंदरा की ओर बढ़ रहा था, तभी यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उन्हें काले झंडे दिखाए।
सिंचाई कार्यालय के पास रुका काफिला स्थानीय रिपोर्टों और वीडियो के अनुसार, प्रदर्शनकारी सिंचाई कार्यालय के पास से अचानक सड़क पर आ गए और अमित शाह के काफिले की तरफ बढ़ने लगे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों के अचानक सामने आने से गृह मंत्री की गाड़ी को कुछ देर के लिए रोकना पड़ा।
मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी राज्य कार्यवाहक अध्यक्ष बिनु चुलियिल और पार्षद कुरुविला जोसेफ के नेतृत्व में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग की और केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया।
भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में झड़प घटनास्थल पर भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के कार्यकर्ता भी पहुंच गए, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी झड़प और टकराव देखने को मिला। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप किया और कई यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े हुए सवाल केंद्रीय गृह मंत्री के दौरे को लेकर कोल्लम के कई हिस्सों में ट्रैफिक डायवर्जन और व्यापक पुलिस प्रबंध किए गए थे। इसके बावजूद प्रदर्शनकारियों का वीआईपी काफिले के इतने करीब पहुंच जाना पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के इंतजामों पर बड़े सवाल खड़े करता है।
कुंदरा में सहकारी सम्मेलन को किया संबोधित इस घटना के बाद अमित शाह कुंदरा स्थित पवित्रम कन्वेंशन सेंटर पहुंचे, जहां उन्होंने अंतरराष्ट्रीय महिला किसान वर्ष के अवसर पर आयोजित NCCF के ‘सहकार से समृद्धि’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया और विभिन्न पहलों की शुरुआत की।
