संसद में शानदार प्रदर्शन के सम्मान के तौर पर संसद रत्न पुरस्कार से सम्मानित होने के बाद डुमरियागंज के बीजेपी सांसद जगदंबिका पाल बस्ती पहुंचे। अपने सांसद क्षेत्र डुमरियागंज जाते समय बड़ेवन बस्ती चौराहे पर कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और शुभचिंतकों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
सांसद जगदंबिका पाल ने संसद रत्न पुरस्कार को अपनी उपलब्धि नहीं, बल्कि पूर्वांचल की जनता का सम्मान बताया। उन्होंने अपनी उपलब्धि का श्रेय बस्ती, सिद्धार्थनगर और पूरे पूर्वांचल की जनता को दिया।
संसद में सक्रियता और विकास कार्यों का किया जिक्र
प्रेस वार्ता के दौरान जगदंबिका पाल ने संसद में अपनी सक्रियता और क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का जिक्र किया। उन्होंने प्राइवेट मेंबर बिल और राष्ट्रीय महत्व की बहसों में भागीदारी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा का आभार जताया।
सांसद ने बस्ती और सिद्धार्थनगर में चल रही विकास परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने रेल लाइन, एक्सप्रेसवे, मेडिकल कॉलेज और एयरपोर्ट से जुड़े विकास कार्यों का जिक्र किया।
आगामी चुनाव को लेकर विपक्ष पर निशाना
जगदंबिका पाल ने आगामी चुनाव को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी उत्तर प्रदेश में नजर नहीं आ रहे हैं और अखिलेश यादव सोशल मीडिया तक सीमित हैं।
पाल के मुताबिक, विपक्ष दूसरे और तीसरे नंबर की लड़ाई में उलझा हुआ है।
महिला आरक्षण कानून को बताया ऐतिहासिक
सांसद जगदंबिका पाल ने महिला आरक्षण कानून को ऐतिहासिक बताया। साथ ही उन्होंने विपक्ष पर मातृशक्ति के सशक्तिकरण का विरोध करने का आरोप लगाया।
बाइट: जगदंबिका पाल, सांसद बीजेपी, अध्यक्ष जेपीसी कमेटी
