खरगोन नगर पालिका परिषद में आउटसोर्स पद्धति से साफ-सफाई का काम कराया जा रहा है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से श्रमिक लगाने का ठेका दिया गया है।
नई ठेका कंपनी द्वारा अगस्त माह का वेतन जारी किए जाने के बाद सफाईकर्मियों ने भुगतान को लेकर आपत्ति जताई। बड़ी संख्या में सफाईकर्मी एसडीएम कार्यालय परिसर स्थित नगर पालिका स्वास्थ्य अधिकारी के कार्यालय पहुंचे।
7 हजार रुपये वेतन मिलने पर जताई आपत्ति
सफाईकर्मियों ने स्वास्थ्य अधिकारी प्रकाश चित्ते के कक्ष में पहुंचकर अगस्त माह में जारी किए गए वेतन पर आपत्ति जताई। कर्मचारियों ने कलेक्टर दर के अनुसार वेतन जारी करने की मांग की।
सफाईकर्मियों के अनुसार, अब तक उन्हें कलेक्टर दर के हिसाब से 12,125 रुपये वेतन दिया जा रहा था। लेकिन अगस्त माह में नई ठेका कंपनी की ओर से महज 7 हजार रुपये वेतन जारी किया गया।
कर्मचारियों ने कहा कि 7 हजार रुपये का भुगतान न्यूनतम मजदूरी दर से भी कम है।
स्वास्थ्य अधिकारी ने ठेका कंपनी को नोटिस देने की बात कही
वेतन को लेकर कर्मचारियों की आपत्ति पर स्वास्थ्य अधिकारी प्रकाश चित्ते ने उन्हें आश्वस्त किया कि ठेका कंपनी को नोटिस जारी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अनुबंध के अनुसार वेतन नहीं देने की स्थिति में ठेका निरस्त किया जाएगा।
कलेक्टर दर से वेतन की मांग
सफाईकर्मियों ने मांग की है कि उन्हें निर्धारित कलेक्टर दर के अनुसार वेतन का भुगतान किया जाए। वेतन को लेकर कर्मचारियों और नई ठेका कंपनी के बीच बनी स्थिति के बाद अब नगर पालिका स्तर पर कार्रवाई की बात कही गई है।
